Pushkar Mela 2026: राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में 10 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की शुरुआत होने वाली है। इस मेले में आपको ऊंटों की अनोखी छटा, घोड़ों के शानदार करतब और जानवरों के कई आकर्षक नजारे देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही रंग-बिरंगे नजारे, पारंपरिक संस्कृति और मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियों का आनंद लेने का मौका मिलेगा। मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
जानें 10 से 24 नवंबर तक का पूरा कार्यक्रम
बता दें कि मेले की शुरुआत 10 नवंबर से होगी। वहीं, पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं की शुरुआत 17 नवंबर से होगी, जो 24 नवंबर तक चलेंगी। मेले में राजस्थानी लोक संस्कृति, संगीत, खेलकूद, पशु प्रतियोगिताओं और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, मेले की विधिवत शुरुआत 17 नवंबर को सुबह 10 बजे मेला मैदान में पूजा, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ होगी। पहले दिन स्कूल की छात्राओं के बीच मांडना प्रतियोगिता और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच फुटबॉल मैच भी होगा। वहीं, शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर के घाटों पर दीपदान, रंगोली और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। रात को मेला मैदान में स्थानीय राजस्थानी लोक कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
यह भी पढ़ें- Jaipur Traffic Plan: धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक जयपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, ड्रोन और कैमरों से कटेंगे चालान
18 नवंबर को मेला मैदान में स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेल आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ऊंटों का श्रृंगार और दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
19 नवंबर को कबड्डी मैच, अश्व नृत्य प्रतियोगिता और ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 20 नवंबर को पुष्कर में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव की शुरुआत होगी।
21 नवंबर को विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने, तिलक और मूंछ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 22 नवंबर को महिलाओं के लिए मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
23 नवंबर को फिल्म 'लगान' की शैली पर आधारित क्रिकेट मैच खेला जाएगा। वहीं, शाम को लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ बॉलीवुड गायक स्वरूप खान अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
24 नवंबर को मेला मैदान में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह नृत्य, मटका दौड़, ऊंटों से जुड़ी प्रतियोगिताओं सहित कई अन्य आयोजन होंगे।










