rajasthanone Logo
Rajasthan Tourism: जानें राजस्थान की शाही हवेलियां, ऐतिहासिक किले और रेगिस्तान के बारे में। 5 दिन में ऐसे यादगार ट्रिप बना सकते हैं।

Rajasthan Tourism: रेगिस्तानी राज्य के नाम से मशहूर राजस्थान हरियाली और सुंदरता का अनोखा संगम पेश करता है। अरावली की हरी-भरी पहाड़ियां और ताजगी से भरा वातावरण यहां की छवि को पूरी तरह बदल देते हैं।अगर आप अपनी अगली यात्रा राजस्थान में करने की सोच रहे हैं, तो यह स्टोरी आपके लिए है। इस स्टोरी में हम आपको बताएंगे कि आप सिर्फ 5 दिनों में राजस्थान घूमने का प्लान कैसे कर सकते हैं।

पहला दिन, आमेर का अनोखा अनुभव

अपनी यात्रा की शुरुआत राजस्थान की राजधानी जयपुर से करें। हवाई, रेल या सड़क मार्ग से जयपुर पहुंचना बेहद आसान है। समय की बचत के लिए आमेर महल के पास किसी होटल में ठहरने की योजना बनाएं। चेक-इन के बाद, आमेर के प्रमुख आकर्षणों जैसे आमेर किला, पन्ना मीना का कुंड और जगत शिरोमणि मंदिर का भ्रमण करें। सुबह जल्दी निकलने पर आप इन स्थलों का विस्तार से आनंद ले सकते हैं। दिनभर की यात्रा के बाद आमेर में ही विश्राम करें, ताकि अगली सुबह तरोताजा होकर जयपुर शहर के बाकी पर्यटन स्थलों की खोजबीन कर सकें।

दूसरा दिन, जयपुर की शाही विरासत 

दूसरे दिन की शुरुआत जयपुर शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण से करें। इनमें सिटी पैलेस, जंतर-मंतर, हवा महल और अल्बर्ट हॉल म्यूजियम जैसी जगहें शामिल हैं। गुलाबी नगरी के शाही बाजारों में खरीदारी करते हुए स्थानीय संस्कृति का आनंद लें। यदि आपने आमेर में रात बिताई थी, तो सुबह जल्दी जयपुर पहुंचना आसान होगा। दिनभर के रोमांच के बाद शाम को पुष्कर के लिए प्रस्थान करें, जो जयपुर से करीब दो-ढाई घंटे की दूरी पर है। रात में पुष्कर पहुंचकर वहां रुकें और अगले दिन की यात्रा के लिए तैयार हो जाएं।

तीसरा दिन, पुष्कर की पवित्रता

तीसरे दिन की शुरुआत पवित्र नगरी पुष्कर से करें। विश्व के एकमात्र ब्रह्मा मंदिर में दर्शन करें और पुष्कर सरोवर में स्नान करके आध्यात्मिक शांति का अनुभव लें। इस धार्मिक नगरी की गलियों में घूमते हुए सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लें। सुबह की यात्रा के बाद दोपहर में लंच करें और बीकानेर के लिए रवाना हों। पुष्कर से बीकानेर तक का सफर करीब 4-5 घंटे का है, जिसे पूरा कर आप शाम तक बीकानेर पहुंचकर वहां आराम कर सकते हैं।

चौथा दिन, बीकानेर की धार्मिकता और सांस्कृतिक धरोहर

चौथे दिन की शुरुआत बीकानेर से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित करणी माता मंदिर से करें, जो अपनी असंख्य चूहों के कारण 'चूहों का मंदिर' के नाम से प्रसिद्ध है। यहां माता के दर्शन के बाद, बीकानेर के प्रमुख आकर्षणों में से एक जूनागढ़ किले का भ्रमण करें, साथ ही अन्य हवेलियां और स्थानीय कला का आनंद लें। बीकानेर में घूमते हुए आपको राजस्थानी संस्कृति की एक सुंदर झलक भी देखने को मिलेगी। इन स्थलों को देखने में ज्यादा समय नहीं लगेगा, और इसके बाद आपको करीब 4 घंटे की ड्राइव से शाम तक जैसलमेर पहुंचना होगा।

पांचवां दिन, जैसलमेर का रेत और सूर्यास्त

बीकानेर से करीब 300 किलोमीटर का सफर तय करके आप चौथे दिन शाम तक आप जैसलमेर में होंगे, यहां आपको 2 दिन रुकने की प्लानिंग करनी है। जैसलमेर में ठहरने के लिए आप डेजर्ट कैंप की बुकिंग कर लें, जो आपको पूरा पैकेज प्रदान करेगा। इस दिन जैसलमेर के किले और हवेलियों के दर्शन के साथ-साथ गड़ीसर झील से सूर्यास्त का नजारा देखने का भी आनंद लें, जो बेहद मनमोहक होता है। शाम को, सैम सैंड डून्स में स्थित डेजर्ट कैंप में रात बिताना न केवल आरामदायक बल्कि एक शानदार अनुभव साबित होगा। यहां की संस्कृति, रेत और ठंडी रातें आपकी यात्रा को यादगार बना देगी।

5379487