Sattu Sharbat Recipe: गर्मी के मौसम में जब तापमान 40 डिग्री के पार हो जाता है और परेशान करने वाली गर्म हवाएं चलने लगती हैं। ऐसे में शरीर को ठंडा रखने और एनर्जी बनाए रखने के लिए लोग तरह-तरह के पेय पदार्थ बनाते हैं। इन्हीं में से एक है सत्तू का शरबत। गर्मी के दिनों में सत्तू का शरबत बेहद गुणकारी माना जाता है। यह उत्तर भारत में एक पारंपरिक ठंडाई मानी जाती है। इससे न सिर्फ शरीर हाइड्रेट रहता है बल्कि लंबे समय तक पेट भी भरा हुआ रहता है। गर्मी में बार-बार प्यास लगे और कमजोरी की समस्या से राहत पाने के लिए उत्तर भारत के लोग अधिकतर सत्तू के शरबत का सेवन करते हैं।
बता दें कि सत्तू भुने हुए चने या जौ से तैयार किया जाता है। इसमें प्रोटीन और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है। इसमें मौजूद नेचुरल मिनरल्स शरीर को ठंडा और तरो ताजा रखने में मदद करते हैं। ऐसे में अगर अब आप सत्तू का नमकीन शरबत पीने का मन बना चुके हैं, तो बता दें कि सत्तू का शरबत बनाना बेहद आसान है। इसे कुछ ही मिनट में झटपट तैयार किया जा सकता है। आईए जानते हैं इसे तैयार करने की रेसिपी...
सत्तू का शरबत बनाने के लिए सामग्री
सत्तू का नमकीन शरबत बनाने के लिए आपको दो बड़े चम्मच चना सत्तू लेना है। एक गिलास ठंडा पानी लेना है। आधा नींबू का रस, चौथाई छोटा चम्मच काला नमक, चौथाई छोटा चम्मच साधारण नमक, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, एक छोटा चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया। अगर आप चाहें तो नंबर स्वाद के लिए हरी मिर्च भी ले सकते हैं। बहुत से लोग इस शरबत में प्याज भी डालना पसंद करते हैं। हालांकि आप चाहें तो इसे स्किप भी कर सकते हैं।
ऐसे तैयार करें सत्तू का शरबत
सत्तू का नमकीन शरबत बनाने के लिए सबसे पहले आपको एक बड़े गिलास में आधा गिलास पानी लेना है। अब उसमें दो चम्मच सत्तू डालकर अच्छी तरह से घोल लें, ताकि कोई गांठ न रह जाए। अब इस शरबत में नींबू का रस, काला नमक, साधारण नमक और भुना जीरा पाउडर डालकर मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया और अगर चाहे तो हरी मिर्च और प्याज भी डालें। अब बचा हुआ आधा गिलास पानी डालकर इस पूरे मिश्रण को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। आपका सत्तू का नमकीन शरबत तैयार है।
ये भी पढ़ें:- Foods To Avoid In Summer: गर्मियों में खाने से बचें ये चीजें, सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी जैसी परेशानी से होगा बचाव