rajasthanone Logo
Vidya Sambal Yojana: विद्या संबल योजना का दूसरा चरण शुरू हो गया है। वहीं राजस्थान के सरकारी स्कूलों में 30 हजार रुपए तक की सैलरी पर भर्ती होगी।

Vidya Sambal Yojana: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में व्याख्याताओं की कमी दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने विद्या संबल योजना के दूसरे चरण की प्रक्रिया प्रारंभ की है। इस बार नगरीय निकाय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में व्याख्याताओं के खाली पदों पर गैस्ट फैकल्टी के रूप में शिक्षक लगाए जाएंगे। इसके लिए 21 नवंबर को विद्यालयवार रिक्त पदों का विज्ञापन जारी होगा और योग्यताधारी इच्छुक अभ्यर्थी 23 से 25 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आपको बता दें कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 दिसंबर को नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। यह गेस्ट फैकल्टी के रूप में लगे शिक्षक केवल चार महीने के लिए काम कर सकेंगे। इन्हें अधिकतम 31 मार्च 2027 तक ही लगाया जाएगा। पूरा सत्र बीतने के बाद इस तरह से शिक्षक लगाने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। 

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विद्या संबल योजना के पहले चरण में सितंबर में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी लगाई गई थी। उस समय निकाय चुनाव की आचार संहिता के कारण शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में नियुक्तियां नहीं हो पाई थीं। पहले चरण में केवल ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में ही नियुक्तियां दी गई थी। अब दूसरे चरण में शहरी स्कूलों को शामिल किया गया है। 

मेरिट से होगा चयन, इंटरव्यू नहीं होगा

आवेदनों की जांच के बाद शैक्षणिक योग्यता के अंकों का 75 प्रतिशत और प्रशैक्षणिक योग्यता के अंकों का 25 प्रतिशत जोड़कर मेरिट तैयार होगी। सेवानिवृत्त कार्मिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के लिए साक्षात्कार नहीं होगा। प्रत्येक रिक्त पद के लिए तीन अभ्यर्थियों की चयन सूची तैयार की जाएगी। गेस्ट फैकल्टी को प्रति घंटे 400 रुपए मानदेय दिया जाएगा। अधिकतम मासिक मानदेय 30 हजार रुपए निर्धारित है। नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक अथवा नियमित प्रक्रिया से पद भरने तक, जो भी पहले हो, तब तक के लिए अस्थायीतौर होगी।

इस प्रकार होगा खाली पदों का प्रकाशन

विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन संबंधित स्कूलों के नोटिस बोर्ड, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और विभागीय वेबसाइट पर किया जाएगा। सेवानिवृत्त शिक्षक और निजी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित है। आवेदन और चयन की प्रक्रिया के लिए पूरा टाइम टेबल जारी किया गया है। इसके तहत 19 नवंबर को विद्यालय स्तरीय चयन समिति का गठन किया जाएगा। 21 नवंबर को विद्यालयवार व्याख्याताओं के रिक्त पदों का प्रकाशन होगा। इसके बाद 23 से 25 नवंबर तक दोपहर 12 बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। 26 नवंबर को प्राप्त आवेदनों की सूची जारी की जाएगी। 27 और 28 नवंबर को आवेदनों की जांच के साथ अस्थायी मेरिट सूची जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। 30 नवंबर को आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मेरिट और चयन सूची जारी होगी। वहीं, 1 से 3 दिसंबर तक चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। अंत में 4 दिसंबर को जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन के बाद नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।

5379487