प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की अभद्र टिप्पणी को लेकर सीएम भजनलाल ने कड़ा रूख अपनाया है। भजनलाल शर्मा ने कहा कि बिहार में काग्रेंस-आरजेडी ने निर्लज्जता की सभी हदें पार कर दी हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा मंच से भारत मां के लाडले सपूत यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत माताजी पर की गई अभद्र टिप्पणी घोर निंदनीय है। इस कृत्य के लिए देश कांग्रेस-आरजेडी को कभी माफ नहीं करेगा।
स्वर्गीय माताजी का अपमान करना निर्लज्जता
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि मां जानकी की पावन धरती, ज्ञान की भूमि और तपोस्थली बिहार में पीएम मोदी जी की स्वर्गीय माताजी का अपमान इन पार्टियों के चरित्र और संस्कार को बताता है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सहित इंडी ठगबंधन के नेताओं को ये हजम नहीं हो रहा है कि एक गरीब मां का बेटा देश के प्रधानमंत्री पद पर कैसे आसीन है? कैसे देश की जनता ने उन्हें अपने दिलों में बिठाया हुआ है? जिन पूज्य माताजी ने संघर्ष कर और परिश्रम की पराकाष्ठा कर गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत किया, उन पुण्यात्मा के शतायु होकर देवलोकगमन के बाद उनका इस तरह से कांग्रेस-आरजेडी द्वारा सार्वजानिक मंच से अपमान किया जाना, भारत की महान परंपरा में कहीं से भी स्वीकार्य नहीं हैं।
चुनाव हारने के दौरान करते हैं अपशब्दों का प्रयोग
सीएम भजनलाल ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी मातृ शक्ति वंदन जैसे ऐतिहासिक कानून बना रहे हैं । दूसरी तरफ दो शहजादे महिलाओं के प्रति अपनी निकृष्ट मानसिकता दिखाते हैं। यह भारत की मातृ शक्ति का घोर अपमान है। कांग्रेस की परंपरा रही है कि जब भी वे चुनाव हारने लगते हैं, तो अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। ये खुद भी भ्रष्ट हैं और इनकी मति भी भ्रष्ट है। बिहार के लोग समझ गए हैं कि ये इंडी गठबंधन वोट के लिए कितना नीचे गिर सकते हैं।