Municipal Corporation: जोधपुर शहर में गली और मोहल्लों में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की ओर से नया प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत शहर के 1 लाख 85 हजार घरों का सर्वे होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इन सभी घरों की एक यूनिक आईडी बनेगी। साथ ही इनकी जिओ मैपिंग होने के साथ ही वेस्ट कलेक्शन की गाड़ियां भी इन्हीं के जरिए ट्रैक होगी। इसकी शुरुआज जोधपुर के जोन नंबर-3 से हो चुकी है। सर्वे कंपनी की ओर से शहर के मोहल्लों में घरों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हर मकान की बनेगी यूनिक आईडी
बता दें कि सर्वे के दौरान मकान मालिक का नाम और मोबाइल नंबर लिया जा रहा है। इसके साथ ही घर की फोटो भी ली जा रही है। इसी के साथ मौके पर ही यूनिक आईडी जनरेट हो रही है, जिन्हें घरों के बाहर दीवार पर लिखा जा रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि जल्द ही जिओ मैपिंग का काम पूरा हो जाएगा। हर घर की यूनिक आईडी बनेगी। ताकि वेस्ट कलेक्शन या शिकायतों का काम ट्रांसपेरेंसी से हो सके।
57 वार्डों के घरों की होगी जियो मैपिंग
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जोधपुर के मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने इसकी शुरुआत सोमवार को की थी। मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया- शहर में सफाई व्यवस्था मैपिंग प्रणाली के तहत डेवलप की जा रही है। घरों की मैपिंग के बाद ये पता चल पाएगा कि वेस्ट कलेक्शन की गाड़ियां कितने घरों तक पहुंची। कितने घरों से कचरा कलेक्ट किया और गाड़ियां किन-किन मोहल्लों तक पहुंची हैं। सर्वे हेड अजीत दास ने बताया कि जोन 3 से इसकी शुरुआत की गई है। शहर के 57 वार्डों का सर्वे होगा। इसमें इन सभी वार्डों के घरों की जिओ मैपिंग की जा रही है।







