rajasthanone Logo
Cockroach Janata Party: शहीद स्मारक पर CJP द्वारा धरना करने की तैयारी की जा रही थी। वही कानून-व्यवस्था का हवाला देकर पुलिस ने अनुमति नहीं दी।

Cockroach Janata Party: जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं मिली। पार्टी का 15 जून को शहीद स्मारक पर नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित था। पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर लोगों से 15 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पहुंचने की अपील की थी। अनुमति नहीं मिलने पर पार्टी ने आज (रविवार) दोपहर 2.50 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, इसके बाद ही आगे की स्थिति साफ होगी।

ऐसे में दीपके ने कहा था कि नीट पेपर लीक के कारण राजस्थान के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसे लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी और जयपुर के शहीद स्मारक पर विरोध प्रदर्शन होगा। वहीं पुलिस उपायुक्त (साउथ) जयपुर कार्यालय की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने 15 जून को शहीद स्मारक, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा के पास धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। आवेदन की जांच के बाद सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर कानून व्यवस्था की दृष्टि से प्रदर्शन की अनुमति देना संभव नहीं पाया गया। इसी कारण अनुमति के आवेदन को रद्द कर दिया गया।

आपको  बता दें कि CJP का जन्म चीफ जस्टिस सूर्यकांत के युवाओं पर दिए एक बयान के बाद हुआ। दरअसल CJI सूर्यकांत ने 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान देश के बेरोजगार युवाओं को कॉकरोच कहा था। उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच जैसे होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करने लगते हैं।

CJI और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने एक वकील की याचिका पर सुनवाई की, जिसमें उसने सीनियर एडवोकेट का दर्जा पाने मांग की थी। बेंच ने वकील को फटकार लगाते हुए कहा- समाज में पहले से ही पैरासाइट (परजीवी) हैं, जो सिस्टम पर हमला करते हैं। इसके बाद 16 मई को अमेरिका से अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की। एक्स-इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के लिए 22 मई को वेबसाइट पर ऑनलाइन पिटीशन लगाई। इस पिटीशन में 8 लाख से ज्यादा लोगों ने साइन किया था।

5379487