NIA Jaipur OPD: जयपुर में स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान ने मरीजों को एक ही स्थान पर आधुनिक और विशेषज्ञ आयुर्वेदिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान परिसर में निर्मित तीन मंजिला सुश्रुत भवन का शुभारंभ जल्द किया जाएगा। जहां विभिन्न जटिल और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के लिए विशेष ओपीडी सेवाएं शुरू होंगी। यह पहल शहर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को समग्र और सुलभ उपचार प्रदान करने में अहम साबित होगी।
19 करोड़ की लागत से बना तीन मंजिला सुश्रुत भवन
जयपुर में स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में 19 करोड़ की लागत से तीन मंजिला सुश्रुत भवन बनाया गया है। इस नए भवन में एक छत के नीचे मोटापा, डायबिटीज, गुर्दे, दिल, कैंसर एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसी 9 तरह की बीमारियों की स्पेशलिटी के लिए आउटडोर सेवा की शुरुआत जल्द होने जा रही हैं। सुश्रुत भवन के अलावा यहां फूड एंड ड्रग्स लैब और एक्सीलेंस सेंटर भी शुरू किए गए हैं।
स्पेशलिटी ओपीडी में लोगों को मिलेगा इलाज
सुश्रुत भवन में आस पास के लोगों को स्पेशल ओपीडी की सुविधा मिलती है। जिसमें लाइफ स्टाइल-नॉन कम्यूनिकेबल डिजीज ओपीडी, मेंटल हैल्थ, प्रीवेंटिव कार्डियोलॉजी, सौन्दर्य चिकित्सा, चाइल्ड मेंटल हैल्थ ओपीडी, डेंटल, रेटीनल रोग चिकित्सा, स्पोर्ट्स मेडिसिन और एंटी नेटल केयर ओपीडी की सुविधा भी मिलेगी। सुश्रुत भवन के प्रथम तल पर विशेषज्ञ ओपीडी सेवाएं, द्वितीय तल पर मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, प्री एंड पोस्ट ऑपरेटिव देखभाल के लिए वार्ड और तीसरी मंजिल पर डीलक्स वार्ड एवं पंचकर्म सुविधा मिलेगी। सभी सुविधाएं के लिए भवन में कंप्यूटराइज्ड रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन एक प्रमुख स्वायत्त संस्थान और डीम्ड-टू-बी-यूनिवर्सिटी के तरह संचालित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर का सबसे बड़ा अस्पताल हैं। यहां बेहतरीन इलाज के साथ आयुर्वेद में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रम भी चलते हैं।
यह भी पढ़ें...Beauty Tips: महंगे सीरम छोड़िए, किचन में छिपे हैं नैचुरल ग्लो के राज










