Knee Pain Home Remedies: दिन भर चलने-फिरने से या फिर लंबे समय तक बैठकर रहने के कारण अक्सर लोगों को पैरों में दर्द होता है। वहीं कई लोग पैरों की मालिश करके दर्द से राहत पाते हैं, तो कुछ लोग दवाई का सहारा लेते हैं। ऐसे में आपको बता दें कि पैरों को आराम पहुंचाने के लिए आप बर्फ वाले पानी से भरी बोतल का इस्तेमाल कर सकते हैं। जी हां, आप एक बोतल में पानी भरकर उसे फ्रीजर में जमा लें और फिर उसे तलवों के नीचे रखकर आगे-पीछे घुमाएं। ऐसा करने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं।
बर्फ वाली बोतल से पैरों की सिकाई
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बर्फ वाली पानी की बोतल से स्ट्रेचिंग करना प्लांटर फैसाइटिस, एड़ी की हड्डी के दर्द और तलवों के दर्द से आसानी से राहत दिलाने में मदद करता है। वहीं इसकी मदद से पैरों का तनाव कम होता है। जमी हुई बोतल का इस्तेमाल करने से तलवों की सूजन से भी राहत मिलती है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि बर्फ की बोतल से सिकाई करने से शरीर को क्या-क्या फायदे मिलते हैं।
इसके लिए आप सबसे पहले एक पानी की बोतल में पानी भरकर उसे फ्रीजर में रख दें। जब पानी बर्फ बन जाए, तब बोतल को जमीन पर लिटा दें। इसके ऊपर अपना पैर रखें और किसी आरामदायक जगह पर बैठ जाएं। अब तलवों के नीचे रखी बोतल को धीरे-धीरे आगे-पीछे रोल करें। ऐसा आप दोनों पैरों के साथ भी कर सकते हैं। इससे पैरों की थकान, जलन और भारीपन की समस्या दूर होती है। साथ ही पैरों को काफी आराम मिलता है।
यह आसान उपाय देगा तुरंत राहत
ठंडी बोतल को पैरों के तलवों के नीचे रोल करने से सूजन और जलन कम होती है। ठंडा तापमान नसों और मांसपेशियों को शांत करने में मदद करता है। ऐसे में सूजन और तनाव कम होता है। आपको बता दें कि इस बोतल से मसाज करने पर ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है। तलवों पर हल्का दबाव पड़ने से रक्त संचार में सुधार होता है। ठंडे तापमान और हल्की मसाज से रक्त वाहिकाओं में सकारात्मक बदलाव आते हैं, जिससे ब्लड फ्लो बेहतर होता है।
अक्सर गर्मी के दिनों में तलवों में जलन महसूस होने लगती है। ऐसे में आप ठंडी बोतल से पैरों की सिकाई कर सकते हैं। ऐसा करने से तलवों को ठंडक और आराम मिलता है। तलवों के नीचे कुछ देर तक बोतल रोल करने से पैरों की थकान दूर होती है और शरीर को रिलैक्स महसूस होता है। कई बार ज्यादा चलने-फिरने से पैरों में सूजन आ जाती है। ऐसे में ठंडी बोतल से मसाज करना कोल्ड कंप्रेस की तरह काम करता है और सूजन कम करने में मदद करता है। अच्छी नींद पाने के लिए भी आप रात को सोने से पहले इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।










