Sports News: बिहार में आयोजित किए जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में राजस्थान ने 24 गोल्ड समेत 60 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं इस टूर्नामेंट में महाराष्ट्र ने कुल 158 पदक पर अपना कब्जा किया और देश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं हरियाणा कुल 117 पदक के साथ दूसरी रैंक हासिल की। जानकारी के लिए बता दें कि गत वर्ष तमिलनाडु में आयोजित किए गए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में राजस्थान का स्थान पांचवा रहा था। 

पटना में आयोजित किया गया टूर्नामेंट 

7वें खेलो इंडिया नेशनल यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 4 से 15 मई तक पटना में आयोजित किया गया। इस खेल टूर्नामेंट में राजस्थान ने पिछले साल के मुकाबले शानदार प्रदर्शन किया और तीसरा स्थान प्राप्त किया। बता दें कि पिछले साल राज्य ने 13 गोल्ड, 17 रजत व 17 कास्यं पदक हासिल किए थे। राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद के सचिव राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने जानकारी दी कि इस साल राजस्थान का प्रदर्शन शानदार रहा और राज्य ने खेलो इंडिया नेशनल यूथ गेम्स में चौबीस गोल्ड मेडल जीते हैं। 

ये भी पढ़ें:- Women Engineering College: महिला इंजीनियरिंग कॉलेज में एमबीए समेत शुरू किए जाएंगे ये नए कोर्स, नए सत्र से शुरू होंगे एडमिशन

किस गेम में मिले कितने पदक?

राजस्थान के चीफ डे मिशन रणविजय सिंह चंपावत ने कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने इस साल अच्छा प्रदर्शन किया है। साइकलिंग में राज्य को सबसे ज्यादा नौ गोल्ड मेडल मिले, दो रजत और तीन कांस्य मेडल के साथ कुल 14 पदक प्राप्त किए। वहीं शूटिंग में तीन गोल्ड, दो रजत और दो कांस्य मेडल मिले, एथलेटिक्स की बात करे तो दो गोल्ड, दो रजत मेडल मिले, कुश्ती में राज्य को दो गोल्ड, एक रजत और छह कांस्य मेडल मिले।

बॉक्सिंग में दो गोल्ड, एक रजत और चार कांस्य मेडल प्राप्त किए। जूडो में दो स्वर्ण, एक रजत, एक कांस्य मेडल मिला। योगा में राजस्थान को दो गोल्ड, एक कांस्य मेडल मिला, फेंसिंग में एक गोल्ड और एक कांस्य प्राप्त हुआ। वेटलिफ्टिंग में एक गोल्ड, कलारिपयट्टू में दो रजत, एक कांस्य मिला। बास्केटबॉल में एक रजत मेडल मिला, तीरंदाजी, स्विमिंग,कबड्डी और रग्बी में राज्य को एक-एक कांस्य पदक मिला।