IPL 2026: आज यानी 18 अप्रैल को आईपीएल का डबल हेडर खेला जाएगा। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियंस RCB जो गजब के फॉर्म में चल रही है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह राह आसान नहीं होगा। वह भी तब जब मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हो।
पॉइंट्स टेबल में बेंगलुरु और दिल्ली का हाल
बेंगलुरु की टीम वर्तमान में पांच मैचों में चार जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम चार मैच में दो जीत के साथ अंक तालिका में छठे पायदान पर है। ऐसे में एक तरफ बेंगलुरु की कोशिश होगी कि इस मैच में जीत दर्ज कर प्वाइंट्स टेबल में नंबर वन पर काबिज हुआ जाए, वहीं दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश होगी कि आज मुकाबले में जीत दर्ज कर टॉप 4 में अपनी जगह बनाई जाए।
हैदराबाद और चेन्नई के बीच दूसरा मुकाबला
आज का दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 5 मैच में दो जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर है।
जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 5 मैच में से दो जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है, क्योंकि हैदराबाद का नेट रनरेट बेहतर है, इसलिए वह प्वाइंट्स टेबल में काफी बेहतर पोजीशन पर है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि आज इस मुकाबले में कौन जीत दर्ज कर एक कदम आगे बढ़ता है।









