Chennai Super kings: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 का आगाज कुछ खास नहीं रहा। चेन्नई सुपर किंग्स अपना शुरुआती दोनों मुकाबले गंवा चुकी है और सीएसके की हार के साथ अब उन तमाम पहलुओं पर भी चर्चा शुरू हो गई है, जो की चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रेंचाइजी ने की है। इसमें सबसे पहले चर्चा है कि क्या संजू सैमसन को अपने ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा के साथ ट्रेड करना सही था क्योंकि पहले दोनों मुकाबले में संजू सैमसन कुछ नहीं कर पाए हैं, जबकि रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए कमाल के फॉर्म में दिख रहे हैं।
कार्तिक शर्मा को खरीदना पड़ रहा भारी
इसके अलावा दूसरा सवाल यह भी बन रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिर किस आधार पर एक अनकैप्ड खिलाड़ी राजस्थान के कार्तिक शर्मा को अपनी टीम में 14 करोड रुपए देकर के शामिल किया। क्योंकि कार्तिक शर्मा भी शुरुआती दोनों मैच में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। कार्तिक शर्मा ने पहले मुकाबले में 15 रनों की पारी खेली थी, जबकि दूसरे मैच में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए हैं। तो समय उठना लाजमी है कि एक अनकैप्ड खिलाड़ी पर 14 करोड रुपए लूटने की क्या जरूरत थी।
समीर रिजवी और तुषार देशपांडे को किया रिलीज
इसके अलावा समीर रिजवी जो कि दिल्ली कैपिटल्स को पिछले दोनों मुकाबले में जीत दिला चुके हैं। वह 2025 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स टीम में ही शामिल थे, लेकिन चेन्नई ने 2025 के मेगा आक्शन में उन्हें जाने दिया और अब वही खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के लिए धूम मचा रहे हैं। इसके अलावा तुषार देशपांडे जो कि वर्तमान में राजस्थान रॉयल्स के हिस्सा हैं, वह भी 2025 ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के हिस्सा थे।
लेकिन सीएसके ने तुषार देशपांडे को भी जाने दिया और अब कल के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को आखिरी ओवर में जीत दिलाने वाला खिलाड़ी वही तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे थे। ऐसे में अब सीएसके के प्लान पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर किस प्लान के साथ मैदान पर उतर रही है सीएसके, जिसके कारण उन्हें बार बार हार मिल रही है।








