Rajasthan Weather: राज्य में धीरे-धीरे सर्दी का असर बढ़ने लगा है। ऐसे में कई शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। वहीं, दिन में धूप निकलने की वजह से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आज राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही कहीं भी बारिश या आंधी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया ताजा अपडेट
बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ एक ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसकी धुरी समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 71 डिग्री पूर्वी देशांतर और 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बनी हुई है। इसके बावजूद राजस्थान में बारिश की गतिविधियां होने की कोई आशंका नहीं है। वहीं, बीते दिन की बात करें तो राज्य में कई जगहों पर मौसम शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के समय तापमान में गिरावट होने की वजह से फतेहपुर, सीकर और माउंट आबू जैसे इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
दिन में सुहावना मौसम तो रात में गिर रहा पारा
जयपुर में आने वाले सप्ताह में मौसम शुष्क रहने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही 23 नवंबर से 28 नवंबर तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं, कुछ पूर्वी जिलों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें- Jaipur Airport: जयपुर एयरपोर्ट से विदेश जाना हुआ मुश्किल, 8 की जगह अब सिर्फ 5 शहरों के लिए सीधी उड़ानें
बता दें कि न्यूनतम तापमान की बात करें तो माउंट आबू में 6.4 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 8.1 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 8.5 डिग्री सेल्सियस और जयपुर में 14 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर के आखिरी सप्ताह में राजस्थान में मौसम सामान्य बना रह सकता है। ऐसे में दिन में धूप और रात में ठंड का दौर जारी रहेगा। फिलहाल दिसंबर की शुरुआत में अचानक तापमान में बड़ी गिरावट होने की कोई आशंका नहीं है।









