Pushkar Mela: पुष्कर मेले के लिए रोडवेज बस स्टैंड में हर 10 मिनट में अजमेर से पुष्कर के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी। बता दें कि आज पूरे दिन और पूरी रात बसों की व्यवस्था रहेगी। वहीं पूर्णिमा के दिन 24 नवंबर को रात तक पुष्कर से तीर्थ यात्रियों के खाली रहने तक बसें चलेंगी। इसके साथ ही बता दें कि रोडवेज की ओर से 90 से 110 बसों की व्यवस्था मेले के प्रमुख 2 दिन के लिए की गई है। वहीं, बसें वैशाली नगर से माकड़वाली, होकरा, बूढ़ा पुष्कर होकर पुष्कर पहुंचेंगी। मिली जानकारी के मुताबिक, बसों में प्रति यात्री किराया रोडवेज मुख्यालय की ओर से 17 रुपए पुष्कर आने एवं 15 रुपए अजमेर लौटने का रखा गया है। साथ ही बीच में एक चैक पोस्ट भी लगाई गई है। परिचालकों को पाबंद किया गया है कि वे छतों के ऊपर यात्रियों को नहीं बैठने देंगे। चालकों को सुरक्षित वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में प्रदेश के विभिन्न रोडवेज आगारों से बसें मंगाई गई है।
हर 10 मिनट में बस और चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पुष्कर मेले में रेलवे की ओर से तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलेंगी। सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने बताया कि 09643, पुष्कर आदर्शनगर अनारक्षित स्पेशल 23 को पुष्कर से 11.40 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे आदर्शनगर पहुंचेगी। 09644, आदर्शनगर-पुष्कर अनारक्षित स्पेशल इसी दिन दोपहर 2.10 बजे रवाना होकर दोपहर 3.45 बजे पुष्कर पहुंचेगी। इसी प्रकार 09645, अजमेर-पुष्कर अनारक्षित स्पेशल 24 नवंबर को अजमेर से 9.50 बजे रवाना होकर 11 बजे पुष्कर पहुंचेगी।
रेलवे की 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें रहेंगी उपलब्ध
09646, पुष्कर-अजमेर अनारक्षित स्पेशल इसी दिन शाम 4.30 बजे पुष्कर से रवाना होकर शाम 5.40 बजे अजमेर पहुंचेगी। 24 नवंबर को पुष्कर स्पेशल 11.40 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे तक आदर्श पहुंचेगी। इसी प्रकार 09648, आदर्शनगर-पुष्कर अनारक्षित आदर्शनगर से दोपहर 2.10 बजे रवाना होकर शाम 3.45 बजे पुष्कर पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन बूढ़ा पुष्कर, माकड़वाली, मदार आदि स्टेशनों पर ठहराव करेगी।








