करेले का नाम सुनते ही अगर मुंह का स्वाद कसैला हो जाता है तो इस बार इसे नए अंदाज में बनाइए। करेले और मूंगफली से तैयार ये कुरकुरे समोसे स्वाद में इतने चटपटे हैं कि आप पारंपरिक समोसों को भूल जाएंगे।
सामग्री
हरे करेले - 4
नमक - 2 बड़े चम्मच
हल्दी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
गुड़ का बूरा - 1 छोटा चम्मच
फिलिंग के लिए
मैदा - 1 कटोरी
भुनी हुई मूंगफली - आधी कटोरी
अचार का मसाला - 1 छोटा चम्मच
सौंफ पाउडर - आधा छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
मोअन और तलने के लिए कुकिंग ऑयल
विधि
-इसे बनाने के लिए आप सबसे पहले करेले छीलकर कद्दूकस कर लीजिए।
- फिर नमक, हल्दी और गुड़ के बूरे का गाढ़ा घोल बनाएं और उसमें कद्दूकस किए करेले डालकर 4-5 घंटे के लिए छोड़ दें।
-इसके बाद करेले को अच्छी तरह धो लीजिए। कुछ देर साफ पानी में रखने के बाद उन्हें निचोड़ें और तेज धूप में सुखा लें। सूखे करेले को मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें।
- अब करेला पाउडर को पैन में थोड़ा तेल गर्म करके भून लीजिए। भुने हुए मूंगफली के दानों को दरदरा पीसकर फिर से हल्का भून लें। भुना हुआ करेला पाउडर, भुने हुए मूंगफली के दानों का पाउडर, अचार का मसाला, सौंफ, नमक और मिर्च मिलाकर फिलिंग तैयार कर लें।
- अब आप मैदे में दो चम्मच मोअन डालकर उसे ठंडे पानी से सख्त गूंथ लें। फिर आप
- फिर छोटी-छोटी लोइयां बेलकर बीच से काटें और उनके कोन बनाकर तैयार फिलिंग भर दें। समोसों को अच्छी तरह बंद करके 10 मिनट गीले कपड़े से ढंक दें।
- अब कड़ाही में तेल गर्म करके धीमी आंच पर इन्हें सुनहरा गुलाबी होने तक फ्राई करें और चटनी के साथ गरमा गरम परोसें।










