rajasthanone Logo
Winter Recipe: सर्दियों में स्वादिष्ट बाजरे की रोटी बनाने का सही तरीका पता होना जरूरी है। इसकी मदद से रोटी टूटने की झंझट भी खत्म होगी। आइए जानें बनाने का आसान तरीका।

Winter Recipe: सर्दियों के मौसम में बाजरे की रोटी काफी ज्यादा पसंद की जाती है। लेकिन इसे बनाने में कई बार दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। अगर इसे सही तरीके से न बनाया जाए, तो यह बनाते समय टूट जाती है, जिस वजह से इसे बनाने में काफी मेहनत लगती है। इसलिए आज हम आपकी मदद के लिए कुछ खास टिप्स बताने जा रहे हैं। साथ ही, बाजरे की रोटी बनाने का सही तरीका भी बताएंगे। तो चलिए जानते हैं बाजरे की रोटी बनाने की विधि।

सामग्री
बाजरे का आटा – 2 कप
सेंधा नमक – आधा चम्मच
शुद्ध देसी घी – 1 बड़ा चम्मच
गुनगुना पानी – 1 कप
सूखा बाजरे का आटा – आवश्यकतानुसार
विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दो कप बाजरे का आटा छान लें। इसके बाद इसमें आधा चम्मच सेंधा नमक और एक बड़ा चम्मच शुद्ध देसी घी डालें। अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए हाथों से आटा गूंथना शुरू करें।

जब आटा अच्छी तरह गूंथकर चिकना और नरम हो जाए, तो इसे कुछ देर के लिए सेट होने दें। इसके बाद चकले पर थोड़ा सूखा बाजरे का आटा डालें और आटे की मध्यम आकार की लोई बना लें।

अब लोई को गोल आकार देते हुए हथेली से हल्के हाथों दबाकर बड़ा करें। इस दौरान थोड़ा सूखा आटा लगाते रहें और उंगलियों की मदद से धीरे-धीरे रोटी को गोल आकार में फैलाते जाएं। अगर किनारे थोड़े-बहुत फैल जाएं, तो उन्हें बीच में समेटते हुए गोल शेप दें।

इसके बाद गैस पर लोहे का तवा गर्म करने के लिए रख दें। तवा गर्म होने पर रोटी को सावधानी से उस पर डाल दें। जब रोटी की ऊपरी सतह पर हल्की सिकाई दिखाई देने लगे, तो इसे चम्मच या कपड़े की मदद से पलट दें।

अब रोटी को दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें। इसके बाद रोटी को तवे से उतारकर धीमी आंच पर सीधे सेंक लें। सूती कपड़े से हल्के हाथों दबाने पर रोटी गुब्बारे की तरह फूल जाएगी।

इस तरह आपकी स्वादिष्ट और नरम बाजरे की रोटी तैयार हो जाएगी। इसे गरमा-गरम देसी घी, गुड़ या लहसुन की चटनी के साथ परोसें।

5379487