Udaipur News: राजस्थान में एक परिवार ने अपने जीवन की सारी जमापूंजी यानी करीब 15 करोड़ रुपये को छोड़ दिया है। आपको बता दें कि ये पूरा परिवार जैन संत बनने जा रहा हैं। लंबे समय तक व्यापार करने के बाद पूरे परिवार ने अब वैराग्य चुन लिया है। आखिर इस परिवार में ऐसा क्या हुआ जो सारे परिवार ने करोड़ों का बिजनेस छोड़कर वैराग्य का रास्ता चुन लिया है। चलिए इस खबर के जरिये पूरी कहानी जानते हैं।
कुंदन चंडालिया ने बताई कहानी
दिलीप भाई उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव से हैं। वह सूरत टेक्सटाइल मार्केट में कपड़े का व्यापार करते हैं। इनका सालाना करीब 15 करोड़ का टर्न ओवर है। उदयपुर के सुभाष नगर में रहने वाले दिलीप भाई के रिश्तेदार कुंदन चंडालिया ने बताया कि, दिलीप भाई ने बिजनेस की शुरुआत एक दुकान से की थी। व्यापार को बढ़ाने के बाद एक से तीन दुकानें हो गईं और कई मशीनें भी लगा लीं। लेकिन, जब से वह आचार्यश्री के सम्पर्क में आए, तब से उनका झुकाव धर्म की तरफ बढ़ गया।
पत्नी और दो बेटी भी शामिल
दिलीप भाई भोगर (47) पत्नी,ज्योति बेन (45) और दोनों बेटियां छवि (22) और चार्वी (14) सुख-सुविधाओं और व्यापार का त्याग कर संयम के मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। चारों की दीक्षा 8 फरवरी, 2027 को सूरत के पाल में होगी। अब वह सब इस मोह माया को छोड़ धर्म की दीक्षा लेंगे।
कारोबार समेट दीक्षा का लिया संकल्प
उनकी बेटी शैली ने 2023 में दीक्षा ली और वह साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं। वहीं, बेटी की दीक्षा के बाद दिलीप भाई ने व्यापार कम करना शुरू कर दिया। दिलीप भाई और पूरे परिवार ने दीक्षा से पहले पैदल यात्रा करने से लेकर आहार-विहार और संतों के जीवन की कठिन साधना आदि के बारे में साथ रहकर प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने कारोबार को समेटना शुरू कर दिया और दीक्षा लेने का संकल्प कर लिया। इस निर्णय में पत्नी और दोनों बेटियों ने भी साथ दिया।
यह भी पढ़ें- Railway News: दिसंबर में यात्रियों को झटका, 4 ट्रेनें कैंसिल और कुछ आंशिक रद्द, यहां देखें तारीखें








