Rajasthan Weather: राजस्थान में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। वहीं, शेखावाटी समेत उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। सीकर के फतेहपुर में तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।इस बीच, मौसम विभाग द्वारा बताया गया है कि आने वाले दो दिनों में दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की भी आशंका है। आज कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 22 नवंबर को अजमेर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
कई जिलों में बारिश और कोहरे की चेतावनी
आपको बता दें कि जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं, अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहेगा और धूप खिल सकती है। 23 और 24 नवंबर को भी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई जा रही है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मौसम में बदलाव के साथ राजस्थान में ठंड का असर और भी ज्यादा बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन से चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में सुबह और शाम के समय सर्दी ज्यादा महसूस होगी।
यह भी पढ़ें- Jaipur Election Results: जयपुर पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा 250 सीटों पर जीत, भाजपा 97 और RLP 62 पर सिमटी
जानें अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मौसम विभाग ने सवाई माधोपुर, बीकानेर, भीलवाड़ा, अजमेर और भरतपुर में कुछ स्थानों पर कोहरा छाने की भी संभावना जताई है। ऐसे में कुछ इलाकों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है। वहीं, लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह के समय वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।







