Gas Cylinder Fire: कोटपूतली-बहरोड़ के बानसूर में शोक सभा के दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। इस दौरान शोक सभा में शामिल होने आए करीब 21 लोग झुलस गए। वहीं 15 घायलों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है, जबकि 6 घायलों का कोटपूतली जिला हॉस्पिटल में भर्ती है। हादसा बाढ़मिलकपुर (रसनाली) गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। वहीं जानकारी मिलने पर आसपास के मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया। एंबुलेंस और प्राइवेट गाड़ियों से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर बानसूर एसडीएम नवनीत कुमार और तहसीलदार उप जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
टेंट और दरी में फैली आग
भारतीय किसान संघ कोटपूतली-बहरोड़ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार घांघल ने बताया कि बाढ़ मिलकपुर निवासी जयराम कसाना (80) की शुक्रवार को मौत हो गई थी। उनके घर पर चौक में आज सुबह शोक सभा चल रही थी। घर पर करीब 50 महिलाएं और पुरुष मौजूद थे। वहीं घर में एक साइड में गैस सिलेंडर रखा था, जिसमें से रिसाव हो रहा था। परिजनों को रिसाव का पता नहीं चला। घर की महिला ने जैसे ही रसोई में चाय बनाने के लिए चूल्हा चलाया, तो चौक में रखे सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते घर के चौक में लगा टेंट और दरी भी आग की चपेट में आ गए। इस दौरान शोक सभा में शामिल करीब 21 लोग झुलस गए।
यह भी पढ़ें- Train News: जयपुर-बांद्रा स्पेशल में लगेगा अतिरिक्त AC कोच, इन ट्रेनों में भी बढ़ेंगी जनरल बोगियां
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 15 गंभीर घायलों को कोटपूतली अस्पताल और 6 घायलों को बानसूर अस्पताल लेकर गए। कोटपूतली से 12 और बानसूर से 3 घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया। बानसूर से 2 घायलों को भी कोटपूतली भेज दिया। 6 घायलों का कोटपूतली जिला अस्पताल में इलाज जारी है। SMS हॉस्पिटल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. रशिम कटारिया ने बताया कि ज्यादातर केस 20 से 40 प्रतिशत झुलसने के हैं। कुछ केस 50 फीसदी तक भी बर्न हुए हैं। फिलहाल अभी जांच की जा रही है। सभी को बर्न ICU में भर्ती करके इलाज शुरू कर दिया है।








