Diwali Traffic Plan : त्योहार और पर्यटन सीजन में जयपुर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पहली बार पुलिस मुख्यालय स्तर पर प्लानिंग की जा रही है। वहीं शनिवार को डीजीपी राजीव शर्मा ने कमिश्नरेट के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। इसमें जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने अगले दो माह का एक्शन प्लान पेश किया। आपको बता दें कि समीक्षा के बाद डीजीपी ने कहा कि ट्रैफिक सुधार केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, सड़कों पर दिखना चाहिए।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आने वाले दो माह में दीपावली और पर्यटकों की सुविधा पर विशेष फोकस रहेगा। वहीं, दो माह के एक्शन प्लान की शुरुआत सोमवार से होगी। पहले चरण में पुलिस तैनाती और डायवर्जन लागू होंगे। एक सप्ताह बाद समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का सर्वे कर ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जाएंगे। शहर के 23 प्रमुख चौराहों पर रोड मार्किंग, साइन बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग और फ्री-लेफ्ट टर्न सुधारे जाएंगे। यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आईटीएमएस कैमरों और एएनपीआर तकनीक से चालानी कार्रवाई होगी।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस हर कार्यक्रम में एक रास्ता बंद कर डायवर्जन कर देती है। इससे दूसरे रास्तों पर जाम लग जाता है। डायवर्जन ऐसा हो कि दूसरा मार्ग प्रभावित न हो। मुख्य चौराहों, परकोटे के बाजारों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पुलिस तैनात करें। ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंपिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। यातायात बाधित करने वाले अस्थायी अतिक्रमण तुरंत हटवाएं। लापरवाही बरतने वालों को कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी।
डीजीपी ने ई-रिक्शा, बसों के संचालन और पार्किंग स्थलों की जांच कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का सर्वे कर ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और उन्हें दुरुस्त कराने को कहा। ट्रैफिक रोड सेफ्टी विशेषज्ञ नेहा खुल्लर के अनुसार इन सुधारों से जाम और दुर्घटनाओं में कमी आ सकती है। ऐसे में परकोटे के बाजारों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले मागों पर काम करने वालों को राहत मिलेगी। आपको बता दें कि बैठक में डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल, एडीजी बीएल मीणा, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, डीआईजी विकास शर्मा और कमिश्नरेट के सभी डीसीपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






