Ajmer Fire Incidents: अजमेर में दीपावली पर दो दिनों के अंदर 40 से ज्यादा जगह आग लगी है। आपको बता दें कि पटाखों की आतिशबाजी के कारण रामगंज में शार्ट सर्किट से एक टेंट हाउस में आग लग गई, जिससे पास ही मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहीं आगरा गेट पर सब्जी-फ्रूट ठेले, चाय की थड़ी में भी आग लग गई।
वहीं, आगजनी के चलते दीपावली पर शहर में रात और दिन में दमकल की गाड़ियां दौड़ती रही। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अधिकांश जगह खाली प्लॉट पर कचरे के ढेर में आग लगी थी। रामगंज स्थित दिलिप टेंट हाउस में सोमवार रात करीब आठ बजे आग लग गई और आग की लपटें बढ़ने लगी। रिहायशी इलाका होने के कारण लोगों में अफरा तफरी का माहौल हो गया।
सूचना मिलने के बाद दमकल मौके पर पहुंची। करीब छह गाड़ियों ने दो-दो चक्कर कर आग पर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। लोगों का कहना है कि गोदाम आबादी क्षेत्र में है और ऐसे में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आग के कारण पास ही मकान के गेट, मीटर व एसी भी जल गया। फिलहाल टेंट हाउस मालिक ने नुकसान नहीं बताया है।







