Brick Attack Murder: अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है। बता दें कि आरोपी महिला के सिर पर ईंट मारकर फरार हो गया। वहीं, महिला अपने होटल में रात को अकेली सो रही थी। सुबह जब बेटा होटल पहुंचा तो मां लहूलुहान हालत में मृत मिली। सूचना पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए।
मौके से मृतका का मोबाइल गायब
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि घटना भिनाय थाना क्षेत्र के गोवलिया की है। मृतका की पहचान गोवलिया-करांटी निवासी लक्ष्मी देवी (66) पत्नी मोहन रावत के रूप में हुई है। महिला के बेटे ताराचंद (45) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह रविवार सुबह 7 बजे जब अपने घर से होटल पर पहुंचा तो देखा कि मां लक्ष्मीदेवी मृत पड़ी थी। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान और चेहरा खून से लथपथ था। बेटे का कहना है कि शनिवार शाम को एक संदिग्ध अज्ञात व्यक्ति उनकी मां के पास होटल पर दिखा था, लेकिन सुबह वह संदिग्ध व्यक्ति होटल पर नहीं मिला। मां का मोबाइल भी घटनास्थल पर नहीं मिला है।
ईंट से वार कर उतारा मौत के घाट
प्रारम्भिक जांच में पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के सिर पर ईंट से वार किया और इससे उसकी हत्या हुई। पुलिस ने मौके पर एफएसएल कोबुलाया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके सेखून लगी ईंट भी बरामद की है। पुलिस ने बॉडी को नसीराबाद अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल, पुलिस ने हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








