rajasthanone Logo
Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर में भी गर्मी का सितम जारी है। बाड़मेर में पारा 38.2°C के पार पहुंच सकता है।17-18 नवंबर को बारिश के आसार है।

Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी मौसम का मिजाज फिलहाल पहले जैसा ही बना हुआ है। प्रदेश में अभी कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है। आज भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। आपको बता दें कि राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रह सकता है। इसके साथ ही आगामी तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। ऐसे में दिन के समय धूप खिली रहेगी, जिस वजह से गर्मी का असर बना रहेगा।

बाड़मेर में 38.2 डिग्री पहुंचा तापमान

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों का राजस्थान के मौसम पर फिलहाल कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है। वहीं, 10 नवंबर के बाद से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। 15 नवंबर के बाद से राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में बारिश को लेकर फिलहाल कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है।

जानें कब बदलेगा मौसम

जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा और बीकानेर सहित प्रदेश के अन्य संभागों में तापमान में खास बदलाव देखने को मिलने की संभावना नहीं है। राजस्थान में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। यही कारण है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी गर्मी का असर बरकरार है। आपको बता दें कि जयपुर, अलवर, दौसा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 17 और 18 नवंबर के दौरान बादल छाने के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। फिलहाल यह शुरुआती संभावना है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

5379487