rajasthanone Logo
Rajasthan Weather: राजस्थान में सर्दी की दस्तक में देरी देखने को मिल रही है। वहीं नवंबर में भी 37.6°C पारा पहुंच गया है। जानें आज कैसा रहेगा मौसम।

Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी कड़ाके की सर्दी की दस्तक अभी तक नहीं हुई है। राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आज राजस्थान में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले में बारिश होने की आशंका नहीं है। आंधी और बिजली चमकने को लेकर भी फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में राजस्थान के लोगों को फिलहाल मौसम की किसी बड़ी गतिविधि का सामना नहीं करना पड़ेगा।

नवंबर में भी गर्मी से राहत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय है। इसकी वजह से राजस्थान में पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ा है। वहीं, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं। आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने की वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। यही कारण है कि नवंबर में भी पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी का असर बरकरार है।

राजस्थान की जानकारी के लिए बता दें कि इन दिनों सबसे ज्यादा गर्मी पश्चिमी राजस्थान में महसूस की जा रही है। यहां सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया है। बाड़मेर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जोधपुर का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, आसपास के इलाकों में दिन के समय धूप निकलने की वजह से गर्मी का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने बारिश और आंधी को लेकर दिया अपडेट

आसमान साफ रहने से आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कुछ शहरों में अधिकतम तापमान थोड़ा और बढ़ सकता है। वहीं, राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा बना हुआ है। पश्चिमी जिलों की बात करें तो यहां रात का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। बाड़मेर, पाली, जैसलमेर और चूरू में इसका असर देखने को मिल रहा है। सीकर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। फिलहाल राजस्थान के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं।

5379487