rajasthanone Logo
Homemade Mosquito Spray: आज हम आपके साथ मच्छरों से निपटने के लिए घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं। जिसे अपनाने के बाद मच्छरों से बहुत जल्द छुटकारा मिल जाएगा।

Homemade Mosquito Spray: गर्मी का मौसम हो या बरसात का मौसम, मच्छर के कारण लोगों को काफी परेशानी होती हैं। मच्छर न सिर्फ काट कर लोगों को परेशान करते हैं, बल्कि मच्छरों के काटने से डेंगू मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी कई बीमारियां फैलती हैं। लोग मच्छरों से बचने के लिए बाजार से मॉस्किटो स्प्रे, अगरबत्तियां और तमाम तरह की चीजें खरीदते हैं। हालांकि इससे थोड़ी देर के लिए मच्छरों से तो राहत मिल जाती है, लेकिन यह सांस और त्वचा के लिए नुकसानदायक होता है।

अगर आप भी मच्छरों से परेशान हैं, तो आपको बाजार में मिलने वाले इन केमिकल वाले प्रोडक्ट से दूर रहना चाहिए और घर पर ही घरेलू प्राकृतिक उपाय अपनाने चाहिए। आप घर पर आसानी से मॉस्किटो स्प्रे बना सकते हैं। घर में बनने वाले मॉस्किटो स्प्रे मच्छरों को दूर रखते हैं और वातावरण में भी ताजगी रखते हैं। आईए जानते हैं नेचुरल चीजों से मॉस्किटो स्प्रे कैसे बनाएं?

नीम और कपूर से बनाएं स्प्रे
आप नीम और कपूर की मदद से मॉस्किटो स्प्रे बना सकते हैं। इसके लिए आपको आधा कप नीम का तेल, आधा कप पानी और चार से पांच कपूर की गोलियां लेनी हैं। इस सामग्री को इकट्ठा करने के बाद आपको एक बर्तन लेना है, जिसमें नीम के तेल और पानी को अच्छी तरह से मिलाना है। अब उसमें कपूर की गोलियां पीसकर डालनी हैं। इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भरना है और इसे कमरे के कोने-कोने में पर्दों के पीछे और पलंग के चारों तरफ स्प्रे करना है। नीम और कपूर की महक से मच्छरों को दूर भगाने में मददगार होती है।

तुलसी और लेमन ग्रास से बनाएं स्प्रे
आप तुलसी और लेमनग्रास की मदद से भी स्प्रे बना सकते हैं। इसके लिए आपको 10 तुलसी की पत्तियां, एक चम्मच लेमनग्रास तेल और एक कप पानी लेना है। इस सामग्री को इकट्ठा करने के बाद आपको तुलसी की पत्तियों को 10 मिनट तक पानी में उबालना होगा और फिर उसे ठंडा करने के लिए छोड़ दें। अब इसमें लेमनग्रास का तेल मिलाएं और स्प्रे बोतल में भर लें। इस स्प्रे को भी खिड़कियों, दरवाजे और बेड के आसपास छिड़कें। यह घर में मच्छरों के अलावा दूसरे कीड़ों को भी दूर भगाने में फायदेमंद हो सकता है।

लहसुन और नींबू का रस
आप लहसुन और नींबू के रस से भी मॉस्किटो स्प्रे बना सकते हैं। इसके लिए आपको 5 से 6 लहसुन की कलियां लेनी है, एक कप पानी और एक चम्मच नींबू का रस लेना होगा। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले आपको लहसुन की कलियों को पानी में उबालना है और फिर पानी को ठंडा होने पर इसमें नींबू का रस मिलाना है। अब इसे छानकर स्प्रे बोतल में डाल दें। यह मिश्रण मच्छरों को बिल्कुल पसंद नहीं होता, जिसके कारण मच्छर तुरंत भाग जाते हैं।

यह भी पढ़ें- Tomatoes For Skin: चेहरे पर टमाटर लगाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, हो सकता है नुकसान

लौंग और नारियल तेल
आप चाहें तो लौंग और नारियल तेल से भी स्प्रे बना सकते हैं। इसके लिए आपको 10 से 12 लौंग लेनी हैं और लगभग आधा कप नारियल तेल लेना है। अब लौंग को पीसकर नारियल के तेल में मिलाएं और कुछ घंटे के लिए छोड़ दें। अब इस तरल पदार्थ को स्प्रे बोतल में भर लें और कमरे के कोने-कोने, बेड के आसपास छिड़काव करें। अगर आप चाहें तो इसे शरीर पर भी लगा सकते हैं, जिससे घर के बाहर होने पर भी मच्छर नहीं काटेंगे। 

5379487