Fatty Liver Remedies:आज के समय में फैटी लिवर की समस्या बहुत ही आम हो गई है। आजकल ज्यादातर लोग इस बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में लोग ऑनलाइन कई सवाल सर्च करते हैं, जिनमें सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि लिवर को फिर से हेल्दी बनाने के लिए क्या करना चाहिए। साथ ही फैटी लिवर होने पर किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। अगर आप भी इन सवालों के जवाब जानना चाहते हैं, तो यह लेख आपके बहुत काम आने वाला है। आज हम इस लेख में फैटी लिवर से जुड़ी तमाम जरूरी बातें जानेंगे।
आपको बता दें कि एक्सपर्ट्स का कहना है कि लिवर पर जमा फैट को कम या खत्म भी किया जा सकता है, अगर स्थिति लिवर फाइब्रोसिस तक न पहुंची हो। अगर इस तरह की परेशानी बढ़ जाती है, तो लिवर सिरोसिस का खतरा बढ़ सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, गंभीर स्थिति में लिवर ट्रांसप्लांट की नौबत भी आ सकती है।
ठीक करने में लगभग 3 महीने का समय लग सकता है
फैटी लिवर को ठीक करने में लगभग 3 महीने का समय लग सकता है। इस दौरान आपको अपने खान-पान से लेकर एक्सरसाइज तक का विशेष ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। महीने में एक बार एसजीपीटी (SGPT) टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। इससे पता चलता है कि आपके लिवर की हेल्थ में कितना सुधार हुआ है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि आपको वीकली एक्सरसाइज प्लान बनाना चाहिए। इसमें 5 दिन ब्रिस्क वॉक, 2 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और खाने के बाद 10 मिनट की वॉक जरूर शामिल करें। आपको बता दें कि सुबह का वक्त सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि हल्की धूप में वॉक करने से शरीर को विटामिन D मिलता है, जो लिवर को हेल्दी बनाने में मदद करता है। फैटी लिवर के लिए चीनी जहर की तरह काम करती है। इसलिए अगर आप फैटी लिवर की समस्या से परेशान हैं, तो आज से ही चीनी का सेवन बंद कर दें। मिठाई, चीनी वाली चाय और अन्य शुगर फूड्स से दूरी बना लें, क्योंकि चीनी लिवर को तेजी से नुकसान पहुंचाती है।
डाइट में शामिल करें ये चीजें
इसके साथ ही अपनी डाइट में पालक, ब्रोकली, लौकी, करेला, तोरी, टिंडा, मूली और हरी सब्जियां जरूर शामिल करें। दिन में कम से कम एक बार ग्रीन वेजिटेबल्स जरूर खाएं, क्योंकि ये लिवर की सूजन कम करने में मदद करती हैं।
यह भी पढ़ें- Gond Katira Benefits: गर्मियों का सुपरफूड गोंद कतीरा, शरीर को ठंडक देने और फिट रखने में कैसे करता है मदद
अगर आप रोजाना ब्रेड, बिस्किट और बन जैसी चीजें खाते हैं, तो इन्हें तुरंत बंद कर दें। फैटी लिवर में प्रोटीन बहुत जरूरी होता है, क्योंकि यह लिवर को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है। अगर आप वेजिटेरियन हैं, तो प्रोटीन के लिए मूंग दाल, चना, राजमा, स्प्राउट्स, पनीर और टोफू का सेवन करें। वहीं नॉनवेज खाने वाले लोग अंडा, ग्रिल्ड चिकन और फिश का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा मटन भी प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें विटामिन B12 मौजूद होता है, जो लिवर की हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करता है।










