Tips To keep Food In Fridge: अक्सर खाना बनाने के बाद कुछ भोजन बच जाता है। यह एक सामान्य बात है। कई लोग इसे दोबारा इस्तेमाल करने के लिए फ्रिज में रख देते हैं। वहीं, अगर आप बचे हुए खाने को सही तरीके से फ्रिज में स्टोर नहीं करते हैं, तो वह बहुत जल्दी खराब हो सकता है। ऐसे में खाने में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जो आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ खाना फ्रिज में रखना ही काफी नहीं होता, बल्कि उसे सही समय और सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी होता है। अगर आप चाहते हैं कि बचा हुआ खाना जल्दी खराब न हो और उसे दोबारा सुरक्षित तरीके से खाया जा सके, तो इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। आज हम आपको बताएंगे कि बचे हुए खाने को स्टोर करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए और किन संकेतों से पता चलता है कि खाना अब खाने लायक नहीं रहा।
अपनाएं ये टिप्स
सबसे पहले आपको बता दें कि खाना फ्रिज में रखने से पहले पूरी तरह ठंडा होना चाहिए। इसके बाद ही उसे साफ और एयरटाइट डिब्बे में रखकर स्टोर करें। कोशिश करें कि खाना पकाने के दो घंटे के भीतर ही उसे फ्रिज में रख दें, ताकि उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा कम हो।
अलग-अलग तरह के भोजन को अलग-अलग डिब्बों में भरकर रखें। साथ ही, डिब्बे पर तारीख लिख दें। इससे आपको याद रहेगा कि खाना कब फ्रिज में रखा गया था। फ्रिज का तापमान पर्याप्त ठंडा रखें। जरूरत से ज्यादा भोजन एक ही डिब्बे में न भरें और न ही उसे ज्यादा दबाकर रखें।
बचा हुआ खाना दोबारा खाने से पहले उसे अच्छी तरह गर्म करें। सामान्य तौर पर भोजन 2 से 3 दिन तक सही तरीके से सुरक्षित रह सकता है। गर्म खाना सीधे फ्रिज में न रखें। साथ ही, खाने को बिना ढक्कन वाले या गंदे डिब्बे में बिल्कुल भी स्टोर न करें।
यह भी पढ़ें- Kitchen Hacks: सब्जी में ज्यादा मिर्च या मसाला पड़ जाए तो ऐसे करें स्वाद को तुरंत बैलेंस
खाने को बार-बार फ्रिज से निकालकर गर्म करना और फिर वापस फ्रिज में रखना भी सही नहीं है। इसलिए एक ही भोजन को बार-बार गर्म करके खाने से बचें। इसके अलावा, फ्रिज में जरूरत से ज्यादा सामान भर देने से ठंडी हवा का प्रवाह कम हो जाता है, जिससे खाना जल्दी खराब होने लगता है। इसलिए फ्रिज में भोजन को सही तरीके से और सीमित समय के लिए ही स्टोर करें।
अगर फ्रिज में रखे हुए खाने से खट्टी या अजीब सी महक आने लगे, उसका रंग बदल जाए या उसमें फफूंदी दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल भी न खाएं। लंबे समय तक रखा हुआ खाना, भले ही सही तरीके से स्टोर किया गया हो, खराब हो सकता है। ऐसे भोजन का सेवन करने से फूड पॉइजनिंग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।








