Pakode Recipe: सर्दियों में शाम को चाय के साथ पकौड़े खाने का मजा ही अलग होता है। वहीं, कुछ लोग आलू, बैंगन या प्याज के पकौड़े खाना पसंद करते हैं। लेकिन आपको बता दें कि सहजन की पत्तियों यानी मोरिंगा के पकौड़े भी बेहद स्वादिष्ट होते हैं। इन्हें बनाना भी काफी आसान है। ये बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं। ऐसे में आज हम आपको मोरिंगा के पकौड़े बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे।
सामग्री
1 कप सहजन की पत्तियां
1 प्याज, बारीक कटा हुआ
1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
2 चम्मच बेसन
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच अजवाइन
थोड़ा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
विधि
मोरिंगा के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले सहजन की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर पानी सूखने के लिए रख दें। इसके बाद एक बड़े बाउल में पत्तियां डालें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, बेसन और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार कर लें। ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए, ताकि पकौड़े अच्छी तरह बन सकें।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर गर्म तेल में डालें। इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। बीच-बीच में पकौड़ों को पलटते रहें, ताकि वे चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाएं।
जब पकौड़े गोल्डन ब्राउन हो जाएं, तो उन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें। इस तरह आपके स्वादिष्ट और कुरकुरे मोरिंगा के पकौड़े तैयार हो जाएंगे। इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरमा-गरम चाय के साथ परोसें।









