Healthy Recipe: अक्सर बच्चे खाने को लेकर मुंह बनाते हैं। ऐसे में उन्हें जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं, जिस वजह से वे जल्दी-जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। कई बार बच्चों के हाथ-पैरों में भी दर्द होता रहता है। ऐसे में आपको बता दें कि इसके लिए आप घर पर ही शेक तैयार करके बच्चों को दे सकते हैं। यह पीने में बहुत टेस्टी होता है और साथ ही पोषक तत्वों से भरपूर होता है।
इसके लिए आपको मखाना, मूंगफली और बादाम का इस्तेमाल करना होता है। आज हम आपकी मदद के लिए इस शेक को बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी। इसके लिए आपको एक कप दूध लेना है। इसके बाद इसमें थोड़े से बादाम छीलकर रख लें और उन्हें रातभर पानी में भिगोकर रख दें। फिर मखाने को हल्का रोस्ट करके रख लें।
इसके बाद आपको मिक्सर में कच्चा दूध डालना है। फिर इसमें भिगोए हुए और छिले हुए बादाम, रोस्ट किए हुए मखाने और गुड़ डाल दें। आप चाहें तो इसमें रोस्ट की हुई मूंगफली भी डाल सकते हैं। इसके बाद इसमें आधा केला डाल दें। फिर सभी चीजों को अच्छी तरह ग्राइंड कर लें। इस तरह आपका हेल्दी शेक तैयार हो जाएगा।
इसे आप बच्चों को पीने के लिए दे सकते हैं। यह लगभग 10 मिनट के अंदर बनकर तैयार हो जाता है। वहीं, इसे घर पर बनाने से आप सामग्री पर नियंत्रण रख सकते हैं और इसमें अलग से प्रिजर्वेटिव या कृत्रिम फ्लेवर डालने की जरूरत नहीं होती है। आप इस शेक को बच्चों को सुबह नाश्ते के समय या फिर शाम को भी दे सकते हैं। हालांकि, बच्चों की उम्र और एलर्जी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही उन्हें बादाम और मूंगफली जैसी चीजें खिलाएं।








