Tulsi Benefits In Winter: सर्दियों में ठंडी हवा चलते ही कई लोग गले में खराश और सर्दी-जुकाम की समस्या से परेशान होने लगते हैं। कुछ लोगों को नाक बहने की परेशानी होती है, तो वहीं कुछ लोगों की खांसी ठीक होने का नाम नहीं लेती। ऐसे में लोग दवाइयों के साथ-साथ घरेलू नुस्खे भी अपनाते हैं। आज हम आपको एक ऐसा घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप इन परेशानियों से राहत पाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके लिए तुलसी के पत्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
घर के बड़े-बुजुर्ग सर्दी-जुकाम से राहत पाने के लिए तुलसी की चाय पीने की सलाह देते हैं। तुलसी में ऐसे कई गुण पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, तुलसी का सेवन ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में भी सहायक हो सकता है। आइए जानते हैं तुलसी के पत्तों से मिलने वाले फायदों के बारे में।
तुलसी के पत्तों में पाए जाते हैं पोषक तत्व
तुलसी को अंग्रेजी में होली बेसिल (Holy Basil) कहा जाता है। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तत्व पाए जाते हैं। ये शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। सर्दियों में तुलसी का सेवन सर्दी-जुकाम और गले की परेशानी में राहत देने में भी मददगार हो सकता है।
गले की खराश और खांसी में फायदेमंद
तुलसी की तासीर गर्म मानी जाती है। सर्दियों में इसके पत्तों का सेवन गले की खराश, जुकाम और हल्की खांसी से राहत पाने में मदद कर सकता है। इसके लिए आप सुबह तुलसी के कुछ पत्ते चबा सकते हैं। इससे गले को आराम मिल सकता है।
पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
अगर आप पाचन से जुड़ी समस्याओं से परेशान हैं, तो तुलसी का सेवन कर सकते हैं। यह पेट की परेशानी और ब्लोटिंग यानी पेट फूलने की समस्या में राहत देने में मदद कर सकती है।
सूजन और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
तुलसी में एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर में सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, कुछ शोधों में तुलसी के सेवन का ब्लड शुगर, खराब कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर पर संभावित सकारात्मक प्रभाव भी देखा गया है। हालांकि, इन समस्याओं के इलाज के लिए केवल तुलसी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
कैसे करें तुलसी का सेवन
इसके लिए सुबह उठकर तुलसी के 2 से 5 साफ पत्ते धीरे-धीरे चबा सकते हैं। इसके बाद एक कप गुनगुना पानी पी सकते हैं।
इसके अलावा, आप तुलसी की चाय भी बना सकते हैं। इसके लिए एक कप पानी में 5 तुलसी के पत्ते डालकर करीब 5 मिनट तक उबालें। इसके बाद पानी को छान लें और थोड़ा ठंडा होने पर इसमें शहद मिलाकर पी सकते हैं।










