Rajasthan Highway Project: पचपदरा में रिफाइनरी से कनेक्टिविटी को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) यहां के सड़क ढांचे को सुदृढ़ करने की तैयारी कर रहा है। जोधपुर-पचपदरा नेशनल हाईवे संख्या 25 पर भारी वाहनों और सामान्य यातायात के बढ़ते दबाव के लिए 87 किलोमीटर लंबे टू-लेन हाईवे को फोरलेन में बदला जाएगा। एनएचएआई ने इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए 2,130 करोड़ रुपए लागत मानी है। इसके लिए 22 अक्टूबर तक टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया के एक-डेढ़ महीने में पूरी होने की संभावना है। परियोजना के लिए भूमि अवाप्ति (अधिग्रहण) की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। सूत्रों के अनुसार दिसंबर अंत अथवा जनवरी आरंभ में काम शुरू होने की संभावना है। हाईवे के फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग से रोजाना 8 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों का सुरक्षित और शीघ्र आवागमन सुनिश्चित होगा। बाड़मेर तक का रास्ता सुगम होगा।
एनएचएआई ने निर्माण कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा करने के लिए 87 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट को 2 भागों में बांटा है। पहला चरण (जोधपुर से पटाऊ): यह इस परियोजना का मुख्य और लंबा भाग है। जोधपुर से पटाऊ तक के इस 67 किलोमीटर लंबे खंड के चौड़ीकरण और निर्माण पर लगभग 1,800 करोड़ रुपए की लागत आएगी। दूसरा चरण (पटाऊ से पचपदरा): पटाऊ से पचपदरा रिफाइनरी क्षेत्र तक का दूसरा भाग करीब 20 किलोमीटर लंबा होगा। इस खंड के निर्माण पर लगभग 330 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
हाईवे पर डिवाइडर नहीं
वर्तमान में यह नेशनल हाईवे टू लेन का है। बीच में डिवाइडर भी नहीं हैं। कई जगह पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र एवं खतरनाक मोड़ भी हैं। इसके चलते आए दिन यहां पर वाहनों के हाईवे से उतरकर पलटने और हादसाग्रस्त होने की घटनाएं होती हैं। हाईवे को फोरलेन बनाने साथ डिवाइडर भी बनेगा। रिफाइनरी के फुल स्विंग में चालू होने पर भारी वाहनों के बढ़े दबाव को भी हाईवे सुगम रखेगा।
हाईवे के चौड़ीकरण के साथ-साथ घनी आबादी वाले कस्बों के स्थानीय बाजारों को भारी ट्रैफिक और हादसों से बचाने के लिए दो प्रमुख बाइपास बनाए जाएंगे। बायपास के लिए विभाग भूमि अधिग्रहण करेगा। इन बाइपासों के बनने से ट्रकों और भारी वाहनों को कस्बों के भीतर नहीं जाना पड़ेगा। इससे स्थानीय लोगों को भी जाम से निजात मिलेगी। हाईवे के वाहनों को भी निर्बाध रास्ता मिलेगा। भांडू कस्बे की आबादी व संकरे रास्ते से भारी ट्रैफिक को निकालने के लिए 2.16 किमी लंबा बाइपास बनेगा। कल्याणपुर के बाजार को जाम से राहत दिलाने के लिए 2.96 किमी लंबा नया बाइपास बनाया जाएगा।







