Sawai Madhopur: राजस्थान का सवाई माधोपुर अब पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की तैयारी कर रहा है। अब तक रणथंभौर टाइगर रिज़र्व के लिए मशहूर इस जिले में चंबल सफारी और नए पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है। सरकार की ओर से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल वन के पालीघाट को नए टूरिस्ट सेंटर के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। साथ ही नाईट स्टे के लिए टेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।

पर्यटन के साथ कैंटीन भी होगी उपलब्ध 

राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य के पाली घाट पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य चंबल सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां इंटरप्रिटेशन सेंटर, कैंटीन, प्रतीक्षालय, शेल्टर और अन्य पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही है। वन विभाग के अनुसार, इन विकास कार्यों को इसी पर्यटन सीजन के अंत तक पूरा करने की संभावना है। काम पूरा होने के बाद पर्यटकों को पालीघाट पर पहले से बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

पालीघाट को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए यहां कई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। पर्यटकों के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर और कैंटीन के साथ नाइट स्टे के लिए टेंट भी बनाए जाएंगे। इससे पर्यटक चंबल क्षेत्र में अधिक समय बिता सकेंगे। चंबल सफारी के लिए आने वाले लोगों को ठहरने और आराम करने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे पालीघाट को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

पालीघाट के विकास का फायदा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा। इस क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से खंडार और आसपास के इलाकों में होटल इंडस्ट्री के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटन सुविधाओं की मांग बढ़ने से स्थानीय कारोबार को गति मिल सकती है। साथ ही क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। वन विभाग और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़े इन प्रयासों के जरिए सवाईमाधोपुर को राजस्थान के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Panchatirtha Mahasnan: पंचतीर्थ महास्नान में सरोवर के 52 घाटों पर उमड़ा सैलाब, पुष्कर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी