Rajasthan Weather: कुछ दिनों से राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी दिखाई दे रही है। वहीं, बीते दिन मंगलवार को भी लोगों को बारिश का इंतजार रहा। इसके साथ ही अलवर, कोटपूतली और हनुमानगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिसके बाद मौसम ने करवट ली। ऐसे में पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो वहां अभी भी गर्मी का असर बरकरार बना हुआ है। इस बीच राजस्थान का सबसे गर्म जिला श्रीगंगानगर रिकॉर्ड किया गया, जहां का तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
18 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक आज राजस्थान में दोबारा मानसून एक्टिव होने की आशंका है। इसके साथ ही राजस्थान के 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम का कहना है कि आने वाले 1 से 2 दिनों में पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। बीते दिन की बात करें तो अलवर जिले में बारिश देखने को मिली। जहां करीब 2:00 बजे के बाद तेज बारिश हुई। ऐसे में सड़कों पर काफी जलभराव भी देखने को मिला।
पूर्वी-दक्षिणी राजस्थान में बारिश के संकेत
पश्चिमी राजस्थान में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। इसके साथ ही जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 38.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जयपुर की बात करें तो दिनभर मौसम साफ रहा। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बुधवार को बादलों की आवाजाही बढ़ने और तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- Water Supply Update: जोधपुर में 17 जुलाई को नहीं होगी पानी की सप्लाई, PHED ने जारी किया शेड्यूल
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मानसून एक्टिव हो सकता है। ऐसे में अगर यह अनुमान सही साबित होता है तो आने वाले 2 से 3 दिनों में ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। ऐसे में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। साथ ही खरीफ की फसलों को भी फायदा पहुंचेगा। खराब मौसम के वक्त लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।









