Road Accident: नागौर-जोधपुर नेशनल हाईवे-62 पर केमिकल से भरा टैंकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई। टैंकर ड्राइवर जिंदा जल गया। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद टैंकर के केबिन से आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। हादसे के दौरान हाईवे से गुजर रही एक कार भी आग की चपेट में आ गई। कार ड्राइवर झुलस गया।
हादसा नागौर सदर थाना क्षेत्र के चिमरानी गांव में हाईवे पर शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे हुआ। कार ड्राइवर को नागौर जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार, केमिकल से भरा टैंकर जोधपुर से नागौर की ओर जा रहा था। वहीं ट्रक नई पॉकलैंड मशीन लेकर नागौर से जोधपुर की ओर आ रहा था। हाईवे पर चिमरानी गांव के पास टैंकर ड्राइवर आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया।
यह भी पढ़ें- Indian Railways: प्लेटफॉर्म निर्माण के चलते 19 ट्रेनों का ठहराव बंद, जयपुर-अजमेर समेत कई शहर होंगे प्रभावित
टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही सेकंड में टैंकर के केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया। ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण ट्रैकर ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी। हादसे के दौरान हाईवे से गुजर रही एक कार भी आग की चपेट में आ गई। कार ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।








