rajasthanone Logo
Girl Kidnapping Case: झुंझुनूं में लिव-इन पार्टनर के घर से परिजन युवती को जबरन उठा ले गए। वहीं 40 लोगों पर मारपीट और किडनैपिंग का आरोप लगाया गया है।

Girl Kidnapping Case: झुंझुनूं जिले में लिव-इन पार्टनर के घर रह रही युवती को उसके परिजन जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। वहीं युवती के लिव-इन पार्टनर (19) ने आरोप लगाया कि शनिवार (28 अक्टूबर) सुबह 11 बजे करीब युवती के परिजन, सरपंच सहित अन्य 35-40 लोग और 8-10 महिलाएं घर में घुसे। उन लोगों ने मेरे और मेरे परिजनों के साथ मारपीट की और युवती को घसीटकर गाड़ी में डालकर ले गए। बीच-बचाव करने आई मां से भी मारपीट की और मंगलसूत्र छीन लिया। बगड़ थाना पुलिस ने किडनैप और मारपीट सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवक की रिपोर्ट पर केस दर्ज

वहीं युवक ने बताया कि 28 नवंबर को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच युवती के परिजन, सरपंच सहित 35-40 लोग और 8-10 महिलाएं हमारे घर पहुंचीं। कुछ देर रुकने के बाद आरोपियों ने मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवती को पीटते हुए घर से बाहर ले गए और उसे साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद वे लोग उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर आई, लेकिन तब तक वे लोग युवती को लेकर चले गए थे।

गोली मारने की धमकी देने का आरोप

रिपोर्ट में युवक ने बताया कि  इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मेरी मां बीच-बचाव करने आई तो उन लोगों ने मेरी मां के साथ भी मारपीट की और उनका मंगलसूत्र छीन लिया। उन लोगों ने पुलिस में केस करने पर पूरे परिवार को गोली मारने और तलवार से काटने की धमकी दी है।  बगड़ थानाधिकारी ने बताया कि युवक की रिपोर्ट पर किडनैप और मारपीट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच ASI नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

5379487