rajasthanone Logo
Jaipur Wedding Destination: जयपुर में वेडिंग सीजन का असर दिखने लगा है। वहीं 2 दिन में 273 विमानों की आवाजाही रही।

Jaipur Wedding Destination: शादियों का सीजन शुरू होते ही राजधानी जयपुर में हवाई यातायात बढ़ने लगा है। सर्दियों में वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में जयपुर की बढ़ती लोकप्रियता के चलते देशभर से मेहमानों की आवाजाही तेज हो गई है। इसका सीधा असर जयपुर एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक पर देखने को मिल रहा है। 21 और 22 नवंबर को महज दो दिनों में कुल 273 विमानों का आवागमन दर्ज किया गया।

एयरपोर्ट की एयर ट्रैफिक मूवमेंट रिपोर्ट के अनुसार, 21 नवंबर को कुल 139 विमानों का संचालन हुआ। इनमें 68 विमानों ने लैंडिंग की, जबकि 71 विमानों ने टेक ऑफ किया। खास बात यह रही कि इस दिन 10 नॉन शेड्यूल्ड फ्लाइट्स का मूवमेंट भी दर्ज किया गया। वहीं, 22 नवंबर को 134 विमानों की आवाजाही हुई। लगातार दो दिनों तक विमानों का आंकड़ा 130 से अधिक रहना एयरपोर्ट पर बढ़ते यातायात को दर्शाता है।

वेडिंग डेस्टिनेशन बना जयपुर
सर्दियों में जयपुर देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल रहता है। यहां के ऐतिहासिक महल, हेरिटेज होटल, लग्जरी रिसॉर्ट और शाही अंदाज वाले वेडिंग वेन्यू देशभर के लोगों को आकर्षित करते हैं। खासकर नवंबर से फरवरी तक शादी समारोहों के लिए जयपुर की मांग बनी रहती है।

बड़े शादी समारोहों में शामिल होने के लिए दूसरे राज्यों से मेहमानों के साथ दूल्हा-दुल्हन के परिवार और आयोजन से जुड़े लोगों की आवाजाही भी बढ़ती है। समय बचाने के लिए कई लोग हवाई यात्रा को प्राथमिकता देते हैं। यही वजह है कि वेडिंग सीजन में जयपुर एयरपोर्ट पर विमानों की संख्या बढ़ने लगती है।

एक दिन में 10 नॉन शेड्यूल्ड फ्लाइट्स
शादी समारोहों के दौरान विशेष विमानों यानी नॉन शेड्यूल्ड फ्लाइट्स की भूमिका भी बढ़ जाती है। 21 नवंबर को ऐसी 10 उड़ानों का संचालन हुआ। ये उड़ानें नियमित एयरलाइन शेड्यूल का हिस्सा नहीं होतीं, बल्कि विशेष जरूरतों के अनुसार संचालित की जाती हैं। बड़े समारोहों में शामिल होने वाले मेहमानों और आयोजन से जुड़े लोगों के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है।

5379487