BTU News: चार साल का बीई-बीटेक कोर्स आठ साल में भी पूरा नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को अब डिग्री हासिल करने का एक और मौका मिलेगा। आपको बता दें कि बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) वन टाइम मर्सी चांस शुरू करने जा रहा है। इसके तहत दो साल के एमबीए और एमसीए कोर्स को चार साल में पूरा नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय की स्थापना 2017 में हुई थी। पहले बैच की आठ साल की निर्धारित अवधि 2025 में पूरी हो चुकी है। ऐसे में शुरुआत इसी बैच से करने की योजना है। इसके बाद अन्य बैचों को भी उनकी निर्धारित अवधि के अनुसार मौका दिया जाएगा।
हर बैच में औसतन 500 विद्यार्थी हो सकते हैं पात्र
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बीटीयू से हर साल करीब 5 हजार विद्यार्थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करते हैं। इनमें करीब 10% विद्यार्थी निर्धारित अवधि में डिग्री पूरी नहीं कर पाते। इस हिसाब से हर बैच के करीब 500 विद्यार्थी मर्सी चांस के दायरे में आ सकते हैं। 2017 के बाद के सभी बैचों के विद्यार्थियों को जोड़ने पर संभावित लाभार्थियों की संख्या कई हजार हो सकती है। वास्तविक संख्या तय करने के लिए विश्वविद्यालय संबद्ध कॉलेजों से बैचवार डेटा जुटा रहा है। इसमें एमबीए और एमसीए के विद्यार्थी भी शामिल होंगे।
बैच के हिसाब से मिलेगा अतिरिक्त समय
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 2017 बैच के विद्यार्थियों को 2027-28 तक और 2018 बैच के विद्यार्थियों को 2028-29 तक बकाया पेपर पास करने का अवसर दिया जा सकता है। अन्य बैचों को भी उनकी निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अतिरिक्त समय देने की योजना है।







