rajasthanone Logo
Anganwadi Toilet Construction: अजमेर की 109 आंगनबाड़ियों में शौचालय बनेंगे। ऐसे में सरकार ने 39.24 लाख रुपए जारी किए हैं। वहीं आचार संहिता के बाद काम शुरू होगा।

Anganwadi Toilet Construction: जिले की 109 आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय बनाए जाने की योजना बनाई जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसके लिए 39 लाख 24 हजार रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने के लिए जिला परिषद की स्वीकृति का इंतजार है। बता दें कि उप निदेशक के अनुसार आचार संहिता के बाद काम शुरू होगा। प्रदेश के 41 जिलों में 2556 आंगनबाड़ी केंद्रों पर शौचालय निर्माण के लिए सरकार ने कुल 9 करोड़ 20 लाख 16 हजार रुपए मंजूर किए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की शासन सचिव पूनम के अनुसार प्रत्येक केंद्र के लिए 36 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि केंद्र सरकार उपलब्ध कराएगी।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि निर्माण की वास्तविक लागत 36 हजार रुपए से अधिक होने पर जिला परिषद को अन्य योजनाओं और उपलब्ध फंड के कन्वर्जेस से अतिरिक्त राशि जुटानी होगी। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रस्ताव भेजा है, लेकिन उस पर मंजूरी बाकी है। इसके साथ ही आपको बता दें कि अजमेर जिले में कुल 1465 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें से 1131 में शौचालय की सुविधा है। शेष केंद्रों में शौचालय नहीं होने की समस्या है। इनमें किराए के भवनों में संचालित केंद्र भी शामिल हैं। जिले के लिए जारी 109 केंद्रों की सूची में सरकारी भवनों में संचालित आंगनबाड़ियों को शामिल किया गया है। इन केंद्रों के रिकॉर्ड में शौचालय की सुविधा नहीं होना दर्ज है। चयनित केंद्रों पर पेयजल कनेक्शन और शौचालय निर्माण के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है।

योजना के तहत जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के माध्यम से निर्माण कराया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) को निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी की जिम्मेदारी गई है। काम पूरा होने पर उपयोगिता प्रमाण पत्र और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र महिला एवं बाल विकास विभाग को भेजना होगा। 

5379487