Gold- Silver Latest Rate: सोने-चांदी की कीमतों में लगातार छठे कारोबारी दिन गिरावट जारी है। बुधवार को जयपुर के सर्राफा बाजार में सोने के भाव में 3 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी में 4,500 रुपए प्रति किलो की गिरावट आई। बाजार खुलते ही दोनों के भाव नीचे आ गए। जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अनुसार, बुधवार को सोना 13,550 रुपए प्रति ग्राम और चांदी 170.50 रुपए प्रति ग्राम पर आ गई। कीमतें कम होने से बाजार में खरीदारी भी बढ़ रही है। जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि अमेरिका और यूरोप की अर्थव्यवस्था में चल रहे संकट का असर सोने-चांदी के भाव पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते कीमतें लगातार कम हो रही हैं। यह गिरावट कब तक जारी रहेगी, इसका अभी ठीक अनुमान लगाना मुश्किल है। भाव कम होने से ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं और बाजार में कारोबार एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है।
जयपुर में ग्राहकों की बढ़ी खरीदारी
आपको बता दें कि जयपुर में आज 18 नवंबर को सोने-चांदी के भाव में गिरावट देखने को मिली है। वहीं, 17 नवंबर को सोने की कीमत 13,850 रुपये प्रति ग्राम थी, जो घटकर आज 13,550 रुपये प्रति ग्राम हो गई है। चांदी का भाव 175 रुपये प्रति ग्राम से घटकर 170.50 रुपये प्रति ग्राम पर आ गया है। इसके अलावा, 22 कैरेट सोने की कीमत 12,850 रुपये से घटकर 12,580 रुपये प्रति ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोना 10,800 रुपये से घटकर 10,570 रुपये प्रति ग्राम और 14 कैरेट सोना 8,590 रुपये से कम होकर 8,400 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: दिल्ली फ्लाइट के लिए सैफ लैंडिंग जोन बनेगा जयपुर एयरपोर्ट, ग्राउंड स्टाफ तक तैयारियां पूरी
क्या अभी और सस्ता होगा गोल्ड-सिल्वर
बाजार एक्सपर्ट्स के अनुसार सोने के भाव में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर में मजबूती है। डॉलर मजबूत होने पर दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरें ज्यादा रहने पर निवेशक सोने के बजाय बैंक डिपॉजिट और बॉन्ड में पैसा लगाते हैं। रिकॉर्ड भाव पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली करने से भी कीमतों पर दबाव आता है। वहीं, चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई का असर है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और फैक्ट्रियों में चांदी का इस्तेमाल होता है। इन सेक्टर में मांग कम होने या बाजार में सप्लाई बढ़ने से कीमतें नीचे आती हैं।







