Jhalawar News: झालावाड़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। जिले के स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिसका असर स्टूडेंट्स की पढ़ाई पर हो रहा था। लेकिन अब इस परेशानी को जड़ से दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने करीब 1400 पदों पर नई भर्ती करने का अहम फैसला लिया है।
स्टाफिंग पैटर्न की हुई समीक्षा
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में स्टाफिंग पैटर्न की समीक्षा के बाद शिक्षा विभाग ने 1 लाख 23 हजार 186 नए पद सृजित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इससे प्रदेश में मंजूर पदों की संख्या 3 लाख बानवे (92) हजार से बढ़कर 5 लाख 15 हजार से ज्यादा हो जाएगी। झालावाड़ और आसपास के इलाकों के सरकारी स्कूलों में व्याख्याताओं के 1400 से ज्यादा पद खाली हैं।
प्रदेश में इन पदों पर होगी भर्ती
इस प्रस्ताव में सबसे ज्यादा 29 हजार 127 पद प्राध्यापक वर्ग या लेक्चरर कैडर (Lecturer Cadre) के लिए रखे गए हैं। वहीं, फोर्थ ग्रेड कर्मचारियों के 23 हजार 840 और वरिष्ठ अध्यापकों के 5 हजार 990 नए पद प्रस्तावित हैं। अब शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो सकेगा। इससे जिले के स्कूलों में शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की कमी दूर होने की उम्मीद है।
झालावाड़ के सरकारी स्कूलों में होगी भर्ती
झालावाड़ जिले में पिछले कई सालों से सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में टीचर्स के पद खाली थे । इससे टीचर्स और विषय विशेषज्ञों की कमी के कारण स्वीकृत पद होने के बावजूद विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। लेकिन अब इस अहम फैसले के बाद शिक्षा विभाग ने इन 1400 पदों पर नए शिक्षकों और व्याख्याताओं (Lecturers) की भर्ती का निर्णय कर लिया है, जिससे विद्यार्थियों के साथ शैक्षिक तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को भी काफी फायदा होगा।
राज्य सरकार से मिलेगी मंजूरी
शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को राज्य सरकार को भेजा है , जिसके बाद राज्य सरकार की और से इस प्रस्ताव पर मोहर लगते ही इन भर्तियों के लिए विज्ञप्ति जारी होगी और पदों का आवंटन किया जाएगा।








