Gold-Silver Update: शादी-ब्याह के सीजन में सोने के गहने खरीदने की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए नवंबर राहत लेकर आया है। वहीं, इस महीने तीन सप्ताह के दौरान ही जयपुर में 24 कैरेट सोना 15,500 और 22 कैरेट सोना 14,000 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है। यानी 21 दिन में सोने की कीमत 11% घट गई। दूसरी तरफ, चांदी के भाव भी 30,800 रु. यानी 16.67% घटकर 1.54 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रह गए। इसके साथ सोना-चांदी साल के न्यूनतम स्तर पर आ गए।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी जयपुर में 24 कैरेट सोना 1,26,500 व 22 कैरेट सोना 1,17,400 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। इससे शादी के लिए 100 ग्राम सोने के जेवर की खरीदारी पर सीधे 1.40 लाख रुपए की बचत हो रही है। उधर, पिछले साढ़े दस माह में सोना रिकॉर्ड स्तर से 31% और चांदी 61.5% तक सस्ती हो चुकी है। इस साल 29 जनवरी को शुद्ध सोना 1.84 लाख रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 4 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर थी।
ब्याज दर बढ़ने की आशंका से बिकवाली
अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से अधिक रहने के बाद फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका मजबूत हुई है। इससे अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और डॉलर में मजबूती आई है। ब्याज दरें बढ़ने की संभावना से निवेशक सोने जैसे गैर-ब्याज वाले निवेश विकल्पों से पैसा निकालकर बॉन्ड की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट के बीच निवेशकों की बिकवाली ने भी सोने पर दबाव बढ़ाया है। 20 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना एक सप्ताह में करीब 8% टूट चुका है।







