rajasthanone Logo
Jaipur-Delhi Bus Service: इलेक्ट्रिक बसों की कमी से जयपुर के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं दिल्ली में बीकानेर हाउस तक रोडवेज बसें नहीं पहुंच रही हैं।

Jaipur-Delhi Bus Service: दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही जयपुर से दिल्ली जाने वाले रोडवेज यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इसके पीछे का बड़ा कारण रोडवेज के बेड़े में इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों का नहीं होना है। वहीं बता दें कि आठ साल से इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की योजना फाइलों में अटकी हुई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों सरकारों के कार्यकाल में रोडवेज के बेड़े में एक भी इलेक्ट्रिक बस शामिल नहीं हो सकी। ऐसे में नतीजा यह है कि अभी भी बीएस-4 और बीएस-6 श्रेणी की बसों से संचालन करना पड़ रहा है। आपको बता दें कि दिल्ली में बीएस-4 बसों की एंट्री बंद है, जबकि बीएस-6 बसों को भी सीमित दायरे में ही प्रवेश मिल रहा है। ऐसे में जयपुर से दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें बीकानेर हाउस तक नहीं पहुंच पा रही हैं। यात्रियों को धौला कुआं, इफको चौक और आईएसबीटी पर ही उतरना पड़ रहा है। छह साल पहले तक रोडवेज की बसें बीकानेर हाउस तक जाती थीं। इससे रोजाना दिल्ली जाने वाले करीब 40 हजार यात्रियों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है।

इलेक्ट्रिक और CNG बसों की कमी से बढ़ी परेशानी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें नहीं होने का असर जयपुर-दिल्ली रूट पर भी पड़ रहा है। चार साल पहले इस रूट पर रोडवेज की 19 बसों का संचालन होता था। तब यात्रियों को हर आधे घंटे में बस मिल जाती थी। अब बसों की संख्या घटकर 10 रह गई है। ऐसे में बसों के बीच का अंतर बढ़कर करीब एक घंटा हो गया है। रोडवेज के पूरे बेड़े में करीब 3512 बसें हैं। इनमें केवल 12 लग्जरी बसें ही बीएस-6 श्रेणी की हैं। वहीं रोडवेज प्रशासन ने 8 साल पहले केंद्र की फेम इंडिया योजना के तहत 50 इलेक्ट्रिक बसों के लिए आवेदन किया था। टेंडर में खामियों के चलते मामला उलझ गया। रोडवेज ने अपने स्तर पर इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की योजना बनाई, लेकिन सरकार से मंजूरी नहीं मिली।

कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में जनवरी 2026 से सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों तथा जनवरी 2028 से केवल इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का लक्ष्य तय किया। इन निर्देशों की पालना नहीं होने से जयपुर से दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन दो साल में दो बार बंद हो चुका है। शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट में 450 इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। 102 बसें आ भी गईं। 48 बसें इस साल आने की उम्मीद है। शेष 300 बसें एक साल में आने का दावा है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार 300 इलेक्ट्रिक बसें ठेके पर लेने के टेंडर जारी हो चुके हैं। पहले चरण में 50 बसें जनवरी तक आने की संभावना है

5379487