CM Bhajanlal Sharma: भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण पर नजर रखने के लिए राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारु रूप से जारी है। ऐसे में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्धता से लेकर वितरण तक पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी रखी जाए और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
वहीं मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त करने का आदेश भी दिया, ताकि आपूर्ति व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कलेक्टर और संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और गैस सिलेंडर व पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखें। वहीं अगर इस तरह के मामले सामने आते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और आमजन को एलपीजी गैस की उपलब्धता के बारे में समय-समय पर आधिकारिक जानकारी दी जाए।
यह भी पढ़ें- Railway Update: जयपुर–उदयपुर रूट पर वंदे भारत नहीं,यात्रियों को 9 घंटे तक करना पड़ रहा इंतजार
आमजन आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें
आपको बताते चलें कि मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसके मार्गदर्शन में प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु बनी हुई है। उन्होंने कहा है कि आमजन आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें और किसी भी समस्या के लिए सरकार की विभिन्न हेल्पलाइन नंबर पर 181, 112 संपर्क करें।









