Rajasthan Government: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार देर शाम प्रदेश स्तरीय विस्तारकों की बैठक आयोजित की गई। आपको बता दें कि बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विस्तारकों को संबोधित किया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तथा ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
पंचायत चुनाव से पहले BJP की बड़ी तैयारी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी का मूल लक्ष्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के अनुरूप समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की योजनाओं व नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं राठौड़ ने प्रदेश स्तरीय विस्तारकों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ काम करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Election: राजस्थान निकाय चुनाव का पूरा गणित BJP 197, कांग्रेस 94, 7 संभागों में किसका कितना दबदबा?
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर विस्तारकों से सरकार की जनहितैषी योजनाओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने रोजगार, किसान सम्मान निधि, महिलाओं के सशक्तीकरण और गरीब वर्ग को आवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। बता दें कि बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल और मिथिलेश गौतम सहित प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।







