राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष, सभापति और महापौर पदों के नतीजों से राज्य की सियासी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 301 नगरीय निकायों के नतीजों में भाजपा ने 197 निकायों में अध्यक्ष पद हासिल किया है। वहीं कांग्रेस को 94 निकायों में जीत मिली है। बता दें कि सात निकायों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। इसके साथ आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भाकपा (माले) की बात करें तो इन्हें एक-एक निकाय में सफलता मिली है।
संभागवार आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा ने सभी सात संभागों में कांग्रेस से अधिक निकायों में अध्यक्ष पद जीते। हालांकि अलग-अलग संभागों में दोनों दलों के बीच मुकाबले का अंतर अलग रहा। जयपुर संभाग के 88 निकायों में भाजपा ने 48 और कांग्रेस ने 39 अध्यक्ष पद जीते हैं। एक निकाय में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। यह संभाग दोनों प्रमुख दलों के बीच सबसे करीबी मुकाबले वाले क्षेत्रों में रहा।
राजस्थान निकाय चुनाव का पूरा रिजल्ट
अजमेर संभाग के 52 निकायों में भाजपा ने 36 अध्यक्ष पद जीते, जबकि कांग्रेस को 14 में सफलता मिली। एक-एक निकाय निर्दलीय और आरएलपी के खाते में गया। जोधपुर संभाग भाजपा के लिए सबसे मजबूत रहा। यहां 40 निकायों में से 35 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को पांच निकाय मिले। बीकानेर संभाग के 35 निकायों में भाजपा ने 22 और कांग्रेस ने 10 अध्यक्ष पद जीते। दो निकाय निर्दलीयों तथा एक भाकपा (माले) के खाते में गया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बढ़ी गर्मी, तापमान में लगातार इजाफा
भरतपुर संभाग के 32 निकायों में भाजपा ने 23 और कांग्रेस ने सात अध्यक्ष पद जीते। दो निकायों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। उदयपुर संभाग में 28 निकायों में भाजपा ने 18 और कांग्रेस ने नौ अध्यक्ष पद हासिल किए। एक निकाय निर्दलीय के खाते में गया। कोटा संभाग के 26 निकायों में भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने 10 अध्यक्ष पद जीते, जबकि एक निकाय आम आदमी पार्टी के खाते में गया। बता दें कि इन नतीजों में भाजपा को सभी संभागों में बढ़त मिली है, जबकि कांग्रेस कई क्षेत्रों में दूसरे स्थान पर नजर आ रही है।राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों से साफ हुई सियासी तस्वीर, 301 में से 197 निकायों पर BJP का कब्जा








