Hajj 2027 Latest Update: हज-2027 के लिए आवेदन करने के इच्छुक लोगों को राहत की खबर है। आपको बता दें कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ गई है, जोकि अब 24 जुलाई रात 11:59 बजे तक कर दी गई है। वहीं पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई थी। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा सोमवार को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया। आपको बताते चलें कि अब तक राजस्थान सहित देशभर से 1.5 लाख से अधिक आवेदन किए जा चुके हैं।
हज-2027 आवेदन की तारीख बढ़ी
वहीं, खादीमुल हुज्जाज हाजी महमूद खान ने बताया कि हज कमेटी आफ इंडिया के नए आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके मुताबिर विभिन्न राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों की हज समितियों, विशेषकर कम कोटा वाले राज्यों से आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। कई इच्छुक आवेदक पासपोर्ट जारी होने में देरी के कारण समय पर आवेदन नहीं कर सके थे। इसे देखते हुए अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला लिया गया है। ऐसे में हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई के बाद किसी भी परिस्थिति में समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। हज-2027 के लिए डिजिटल कुर्रा (रैंडम चयन प्रक्रिया) 30 जुलाई को सुबह 11 बजे से मुंबई स्थित हज हाउस में आयोजित होगा। इसका सीधा प्रसारण हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर किया जाएगा।
चयनित और प्रतीक्षा सूची के आवेदकों की सूची वेबसाइट पर जारी की जाएगी। साथ ही उन्हें एसएमएस के जरिए भी सूचना दी जाएगी। प्रावधिक रूप से चयनित प्रत्येक जायरीन को 10 अगस्त तक 1,52,300 रुपए अग्रिम हज राशि जमा करानी होगी। साथ ही सभी राज्य हज समितियों को 25 जुलाई तक आवेदनों की जांच और कवर जनरेशन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।








