Parenting Mistakes: अमूमन माता-पिता अपने बच्चों को सबसे आगे देखना चाहते हैं। ऐसे में कई बार कुछ पेरेंट्स बच्चों की परवरिश करते समय कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनका बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है। कई बार माता-पिता बच्चों से परेशान होकर या गुस्से में उन्हें छोटी-छोटी बातों पर डांट देते हैं। क्योंकि उन्हें हमेशा अपने बच्चों से परफेक्ट होने की उम्मीद रहती है। लेकिन यह सही आदत नहीं है।
बच्चों को बार-बार डांटना और छोटी-छोटी बातों पर रोक-टोक करना उनके मानसिक और भावनात्मक विकास पर नकारात्मक असर डाल सकता है। ऐसे में आज हम जानेंगे कि बच्चों को बात-बात पर डांटने से उनकी जिंदगी पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
अगर आपको लगता है कि आपका बच्चा हमेशा डांट खाने के बाद आपकी बात समझ जाता है, तो आप गलत हो सकते हैं। फिलहाल आपका बच्चा आपकी डांट की वजह से चुप हो जाता हो, लेकिन इसका उसके भविष्य पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में बच्चों को लगने लगता है कि वे कोई भी काम सही तरीके से नहीं कर सकते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास भी कम होने लगता है।
बच्चों को लगातार डांटने से उनकी जिंदगी में मानसिक तनाव बढ़ सकता है। इसलिए बच्चों को प्यार और समझदारी से समझाने की कोशिश करनी चाहिए। कई बार बड़ी से बड़ी परेशानी भी प्यार से समझाकर हल की जा सकती है। वहीं, अगर आप बच्चे को भविष्य में गलत व्यवहार करने से रोकना चाहते हैं, तो उसे बार-बार डांटना सही तरीका नहीं है। बच्चों को जब ज्यादा डांटा जाता है या उन पर चिल्लाया जाता है, तो उनके व्यवहार में नकारात्मक बदलाव आने लगते हैं।
बार-बार डांटने या चिल्लाने से बच्चों के दिमाग पर भी असर पड़ता है। इससे उनके सोचने-समझने और विकास का तरीका प्रभावित हो सकता है। इसलिए माता-पिता को बच्चों के साथ धैर्य और सकारात्मक व्यवहार अपनाना चाहिए, ताकि उनका मानसिक और भावनात्मक विकास बेहतर तरीके से हो सके।









