Jaipur News: जयपुर पुलिस ने नवजात बच्ची की हत्या के मामले में गुरुवार को खुलासा किया है। तीसरी बेटी होने से नाराज पिता ने ही अपनी नवजात बच्ची का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। वहीं नवजात बच्ची की मां का कहना है कि मैंने कभी लड़का-लड़की में फर्क नहीं किया। मेरे पति ने भी इससे पहले हमारी दोनों बेटियों से कभी कोई भेदभाव नहीं किया था। मुझे कभी ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि उन्हें बेटियों से कोई नाराजगी है। तीसरी बच्ची के जन्म पर भी हम सब संतुष्ट थे।
जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि 29 जुलाई को निम्स (NIMS) अस्पताल से चंदवाजी थाना पुलिस को प्रसूति वार्ड में एक नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजबीर सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं जांच में सामने आया कि रवि कुमार (34) निवासी बिछपड़ी, थाना नीमराना, जिला कोटपूतली-बहरोड़ ने 27 जुलाई को अपनी पत्नी कोमल यादव को प्रसव के लिए भर्ती कराया था, जिसने 28 जुलाई को बेटी को जन्म दिया। लेकिन 29 जुलाई की तड़के करीब 4 बजे रवि नवजात को वार्ड से बाहर ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अस्पताल की नर्स सुनीता शर्मा की रिपोर्ट पर चंदवाजी थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पुलिस पूछताछ में आरोपी रवि कुमार ने बताया कि पहले से दो बेटियां थीं और वह बेटे की चाह रखता था। तीसरी बार भी बेटी के जन्म लेने से वह बेहद नाराज था।









