Tanning Removal Home Remedies: गर्मी का असर सबसे ज्यादा त्वचा पर दिखाई देता है। तेज धूप और पसीने के चलते चेहरे की चमक खो जाती है। ऐसे में चेहरा काफी ज्यादा डल दिखाई देता है। वहीं, कुछ लोगों की स्किन इतनी ज्यादा टैन हो जाती है कि चेहरा फ्रेश नहीं दिखता। ऐसे में लोग महंगे फेस मास्क का सहारा लेते हैं। वहीं, कुछ महिलाएं पार्लर ट्रीटमेंट भी करवाती हैं, जिसके लिए उन्हें काफी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं। लेकिन फिर भी उन्हें मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता। ऐसे में आप रसोई में मौजूद कुछ चीजों से टैनिंग की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। आज हम आपको इस लेख में बताएंगे कि किन चीजों की मदद से टैनिंग दूर की जा सकती है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय
अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा टैन हो गई है, तो ऐसे में आप एलोवेरा जेल में 2 से 3 बूंद नींबू के रस की मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर करीब 10 मिनट के लिए लगाएं। तय समय के बाद साफ पानी से चेहरा धो लें। एलोवेरा स्किन को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है। वहीं, नींबू चेहरे पर जमी गंदगी और अतिरिक्त तेल को हटाने में मदद करता है। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो इसे लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें।
अगर आपकी स्किन काफी ज्यादा ड्राई और डल दिख रही है, तो ऐसे में आप शहद और नींबू का फेस पैक लगाएं। यह आपकी स्किन में नमी बनाए रखने का काम करेगा। इससे आपकी स्किन सॉफ्ट और ग्लोइंग बनेगी। इसके लिए शहद में कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाएं और 10 से 15 मिनट बाद पानी से चेहरा धो लें। बेहतर परिणाम के लिए इसका इस्तेमाल हफ्ते में दो बार जरूर करें।
वहीं, ऑयली स्किन वालों के चेहरे पर गर्मियों में काफी ज्यादा तेल आने लगता है। ऐसे में नींबू आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। लेकिन इसे कभी भी डायरेक्ट चेहरे पर न लगाएं। नींबू को हमेशा किसी दूसरी चीज के साथ मिलाकर ही इस्तेमाल करें। इसके लिए आप एलोवेरा जेल या फिर शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही, फेस पैक लगाने के बाद धूप में जाने से बचें।
इसके अलावा, आप नींबू के रस को पानी में मिलाकर बर्फ जमा लें। फिर इस आइस क्यूब से चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें। इससे टैनिंग की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है।










