rajasthanone Logo
Homemade Face Pack: अगर आपकी स्किन टैन हो गई है तो ऐसे में आप मसूर दाल से बना फेसपैक ट्राई कर सकते हैं। इसे लगाने से त्वचा को और भी कई फायदे मिलते हैं।

Homemade Face Pack:  गर्मी का मौसम आते ही सबसे ज्यादा असर हमारी स्किन पर दिखाई देने लगता है। तेज धूप, धूल-मिट्टी और पसीने के चलते चेहरे की चमक धीरे-धीरे कम होने लगती है। ऐसे में स्किन टैन भी हो जाती है। वहीं, हर महिला के लिए यह मुमकिन नहीं होता कि वह महंगे प्रोडक्ट्स या पार्लर में जाकर पैसे खर्च करे। ऐसे में आप रसोई में मौजूद कुछ चीजों से ही अपनी स्किन की देखभाल कर सकते हैं। इनमें से एक है छिलके वाली मसूर की दाल, जो त्वचा के लिए बहुत ही फायदेमंद मानी जाती है।

अगर आप इसे कच्चे दूध, शहद और हल्दी के साथ मिलाकर लगाते हैं, तो आपकी टैनिंग की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मसूर की दाल में प्राकृतिक गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा की ऊपरी परत पर जमी गंदगी और डेड स्किन सेल्स को हटाने में मदद करते हैं। यह एक नेचुरल स्क्रब भी माना जाता है। ऐसे में इसका इस्तेमाल करके त्वचा को साफ और चमकदार बनाया जा सकता है। गर्मियों में होने वाली टैनिंग को कम करने के लिए यह काफी लोकप्रिय उपाय है।

सामग्री

मसूर की दाल का पाउडर – 2 चम्मच।
कच्चा दूध – 3 चम्मच।
शहद – 1 चम्मच।
कस्तूरी हल्दी – आधा चम्मच।

इस तरह बनाएं फेसपैक

- सबसे पहले मसूर की दाल को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद मिक्सी में पीसकर उसका पाउडर बना लें। फिर इसे किसी एयरटाइट कंटेनर में रख लें। चाहें तो दाल को रातभर कच्चे दूध में भिगोकर भी रख सकते हैं।

- अब एक कटोरी में 2 चम्मच मसूर दाल का पाउडर डालें। इसके बाद इसमें कच्चा दूध, शहद और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। जब यह स्मूद पेस्ट बन जाए, तब इसे चेहरे और गर्दन पर लगा लें। इसे 15 मिनट तक लगा रहने दें। जब यह सूख जाए, तो गीले हाथों से हल्के-हल्के मसाज करते हुए इसे ठंडे पानी से धो लें। इसके बाद चेहरे पर मॉइस्चराइजर या एलोवेरा जेल लगा लें।

- इस फेस पैक का इस्तेमाल हफ्ते में दो बार किया जा सकता है। यह पैक आपकी स्किन को गहराई से साफ करता है। वहीं, इसे लगाने से चेहरे की खोई हुई चमक वापस आने में मदद मिलती है और त्वचा के पोर्स भी टाइट होते हैं।

5379487